फतेहाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। फतेहाबाद जिले में शनिवार को कोरोना के तीन नए मरीज मिले हैं वहीं आज सात लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए। राहत की बात यह रही कि शनिवार को जिले में कोरोना से किसी मरीज ने दम नहीं तोड़ा। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज 3 नए केस मिलने के बाद जिले में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11763 हो गई है।
आज बड़ोपल में 2 व भूना में 1 कोरोना मरीज मिला है जबकि फतेहाबाद, टोहाना, रतिया शहरी व ग्रामीण, भट्टू व जाखल में कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर भी कोरोना जांच को लेकर लोगों के सैम्पल लिए जा रहे हैं। जिले में आज 1004 लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए, जिनमें 583 आरटी-पीसीआर और 421 एंटीजन टेस्ट किए गए हैं।
आज सात मरीजों के स्वस्थ होने के बाद कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या 17231 तक पहुंच गई है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस कम होकर 61 तक पहुंच गई है। इनमें से 21 मरीज अस्पतालों में भर्ती है। ये सभी मरीज निजी अस्पतालों में उपचार करवा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में अब कोरोना का कोई मरीज भर्ती नहीं है। जिले में आज कोरोना पॉजिटिविटी रेट 0.33 प्रतिशत रहा जबकि अब तक का पॉजिटिविटी रेट 7.58 प्रतिशत हो गया है। जिले में रिकवरी रेट बढ़कर 97 प्रतिशत व मृत्यु दर 2.65 प्रतिशत हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/संजीव





