नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा सरकार ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में होने वाले आगामी उप-चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। हरियाणा में कार्यरत वे सभी कर्मचारी जो दिल्ली के पंजीकृत मतदाता हैं, उन्हें 30 नवंबर को मतदान करने के लिए सवेतन अवकाश (Paid Holiday) प्रदान किया जाएगा। मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह कदम जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत उठाया गया है, ताकि सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
इन प्रतिष्ठानों पर लागू होगा अवकाश
यह सवेतन अवकाश हरियाणा राज्य में स्थित निम्नलिखित प्रतिष्ठानों पर कार्यरत दिल्ली के पंजीकृत मतदाताओं के लिए लागू होगा!जिसमें सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, बोर्ड एवं निगमों के कार्यालय, कारखाने, दुकानें और निजी प्रतिष्ठान, इस अवकाश को सवेतन अवकाश या विशेष आकस्मिक अवकाश (सवेतन) के रूप में माना जाएगा।
मुख्य सचिव द्वारा जारी अधिसूचना विनिमय लिखत अधिनियम (Negotiable Instrument Act), 1881 की धारा 25 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135-बी (1996 के संशोधन सहित) के तहत प्रदान किए गए अधिकारों के अनुरूप है।
यह सुनिश्चित किया गया है कि हरियाणा में काम करने वाले दिल्ली के सभी पात्र मतदाता बिना किसी वेतन कटौती के 30 नवंबर को होने वाले दिल्ली नगर निगम उप-चुनाव में अपने मताधिकार का सुचारु रूप से उपयोग कर सकें।
दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में 30 नवंबर 2025 को उपचुनाव होने जा रहे हैं। ये उपचुनाव राजधानी की राजनीतिक सरगर्मी को बढ़ा रहे हैं, क्योंकि इसे 2027 में होने वाले निगम चुनावों का ‘लिटमस टेस्ट’ माना जा रहा है। ये सीटें विभिन्न कारणों (विधायक चुने जाने, निधन या इस्तीफे) से खाली हुई थीं।हरियाणा सरकार ने भी इन्हीं 12 वार्डों के पंजीकृत मतदाताओं के लिए 30 नवंबर को सवेतन अवकाश घोषित किया है।दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिन 12 महत्वपूर्ण वार्डों में उपचुनाव हो रहे हैं, उनकी सूची इस प्रकार है:
दिल्ली नगर निगम उपचुनाव वाले 12 वार्डों की सूची
1 35- मुंडका- यह उपचुनाव पश्चिमी दिल्ली की एक महत्वपूर्ण सीट है।
2 56- शालीमार बाग-बी- यह सीट पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास थी, जो विधायक बनने के बाद खाली हुई।
3 65- अशोक विहार- इस सीट पर भी राजनीतिक दलों के बीच कड़ी टक्कर है।
4 74 चांदनी चौक- पुरानी दिल्ली का एक अहम वार्ड।
5 76 चांदनी महल- मुस्लिम बहुल इस सीट पर मुकाबला बेहद रोचक है।
6 120 द्वारका-बी- यह सीट कमलजीत सहरावत के सांसद बनने के बाद खाली हुई थी।
7 128 दिचाऊ कलां- पश्चिमी दिल्ली का यह वार्ड किसान बहुल माना जाता है।
8 139 नारायणा औद्योगिक क्षेत्र से सटा हुआ महत्वपूर्ण वार्ड।
9 163 संगम विहार- दक्षिणी दिल्ली की यह सीट ‘आप’ के लिए महत्वपूर्ण है।
10 164- दक्षिण पुरी- यह भी दक्षिणी दिल्ली की एक प्रमुख सीट है।
11 173- ग्रेटर कैलाश- दिल्ली के पॉश इलाकों में शामिल यह सीट हाई-प्रोफाइल मानी जाती है।
12 198- विनोद नगर- पूर्वी दिल्ली का यह वार्ड भी काफी राजनीतिक महत्व रखता है।
मतगणना इन सभी 12 सीटों के लिए 3 दिसंबर, 2025 को की जाएगी।





