ऋषिकेश, एजेंसी। रोटरी क्लब ऋषिकेश, माहेश्वरी ट्रस्ट फरीदाबाद एवं दिल्ली मारवाड़ी युवा मंच द्वारा संयुक्त रूप से ऋषिकेश में 25 फरवरी से 27 फरवरी तक तीन दिवसीय निशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं कैलीपर्स दिव्यांग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
क्लब के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने दी जानकारी
यह जानकारी रोटरी क्लब के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल और सचिव विशाल तायल ने देते हुए बताया कि रोटरी क्लब द्वारा पिछले कई वर्षों से दिव्यांग लोगों की सहायता के लिए निशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं कैलीपर्स उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यह शिविर जयराम आश्रम ऋषिकेश में आयोजित किया जाएगा। जिसका शुभारंभ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश की निदेशक प्रोफेसर डॉक्टर मीनू सिंह द्वारा किया जाएगा। शिविर में दिव्यांग व्यक्तियों को कान की मशीन एवं व्हीलचेयर के अतिरिक्त दिव्यांगों को ट्राई साइकिल भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस कार्य में माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के कमल गुप्ता, सरवण मीमानी, हुलासस गटानी, मोहित, दिल्ली मारवाड़ी युवा मंच के अतिरिक्त ऋषिकेश रोटरी क्लब के तमाम सदस्य प्रतिभाग करेंगे। यह कैंप पूरे उत्तराखंड और राज्य की सीमा से सटे जिलों के लोगों की सहायता के लिए लगाया जा रहा है। कैंप में भाग करने वाले लाभार्थियों को क्लब की ओर से रहने और खाने की व्यवस्था निशुल्क की जाएगी। जिसमें लाभार्थियों को अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आधार कार्ड लाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को क्लब की ओर से सर्टिफिकेट भी उपलब्ध करवाया जाएगा।




