अररिया एजेंसी। फारबिसगंज के राम मनोहर लोहिया प्रतिष्ठित जिला राजद कार्यालय में पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में 25 फरवरी को होने वाले महागठबंधन की रैली की सफलता को लेकर राजद कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्याम रजक ने भाग लिया और अधिक से अधिक संख्या में 25 फरवरी को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में पहुंचने की अपील की।
सीमांचल के इलाके से भाजपा को उखाड़ फेंकने लिया संकल्प
बैठक की अध्यक्षता राजद जिला अध्यक्ष सुरेश पासवान ने किया। मौके पर बातचीत करते हुए बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं राजद नेता श्याम रजक ने कहा कि 25 फरवरी को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में होने वाले सात दलों के महागठबंधन की रैली शंखनाद नहीं, बल्कि रणभेदी है और यह रणभेदी देश में सांप्रदायिक तत्वों को फैलाने और देश को आर्थिक गुलाम बनाने वाले मोदी सरकार की साजिश को नाकाम करने की है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में सीमांचल और कोसी के लोग जुड़ेंगे और उस दिन कोसी और सीमांचल के इलाके से भाजपा को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई, बेकारी, कुपोषण एक बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि राजद मंदिर मस्जिद का विरोध नहीं कर रहे हैं। बल्कि देश की जो मूल समस्या है और जो सवाल पेट की भूख, रोजगार, किसानों की खुशहाली, मजदूरों के शोषण का खात्मा उन सवालों के जवाब को तलाशने में लगी है।
उन्होंने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार देश को गिरवी रख दिया है। बैंक और एलआईसी बिक्री के कगार पर है। केंद्र सरकार ने अडानी के 74 हजार करोड़ के कर्ज को माफ कर दिया है। वहीं सरकार की नीतियों के कारण एलआईसी का 80 हजार करोड़ रुपैया डूब गया है। उन्होंने कहा कि रंगभूमि मैदान से रैली के माध्यम से यह संदेश न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में जाएगी।




