मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने की अपील की
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने की अपील की

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने की अपील की

नई दिल्ली, 05 नवम्बर (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से इस बार भी दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कोरोना और प्रदूषण को सेहत के लिए काफी खतरनाक बताते हुए कहा कि इस बार दीपावली पर हम सभी दिल्लीवासी मिलकर एक साथ लक्ष्मी पूजन करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि मैं अपने सभी मंत्रियों के साथ दीपावली की शाम 7.39 बजे एक स्थान पर लक्ष्मी पूजन करूंगा, जिसका प्रमुख टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण होगा। इस दौरान सभी लोग अपने घरों में टेलीविजन ऑन कर हमारे साथ मिलकर एक ही स्वर में लक्ष्मी पूजन करें। अगर दिल्ली के दो करोड़ लोग साथ मिलकर एक ही स्वर में लक्ष्मी पूजा करेंगे, तो दिल्ली के हर परिवार में मंगल ही मंगल होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा है, अगर हम पटाखे जलाते हैं तो हम अपनी, अपने परिवार और पूरे दिल्ली के लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। केजरीवाल ने गुरुवार को डिजिटल प्रेस काॅन्फ्रेंस में कहा कि दिल्ली में इस वक्त कोरोना और प्रदूषण दोनों का कहर छाया हुआ है। इस स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली के लोग और दिल्ली सरकार मिलकर पूरा प्रयास कर रहे हैं। प्रदूषण की वजह से कोरोना की स्थिति ज्यादा खराब हो रही है। हर साल इन दिनों में प्रदूषण होता है, क्योंकि पराली जलने का धुआं दिल्ली की तरफ आता है। केजरीवाल ने कहा कि पराली के समाधान के लिए दिल्ली सरकार ने बहुत अच्छा कदम उठाया है। दिल्ली के लोगों और दिल्ली सरकार ने पूसा इंस्टिट्यूट के साथ मिलकर पराली का एक समाधान दिया है कि अब पराली जलाने की जरूरत नहीं है। पूसा इंस्टीट्यूट ने एक केमिकल बनाया है, अगर पराली पर उस केमिकल का छिड़काव कर दें, तो करीब 20 दिन के अंदर पराली खाद में बदल जाती है। किसानों के लिए इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है। मैं समझता हूं कि अब यह साल आखिरी साल होना चाहिए, जब हम पराली जलने से उसके धुएं से परेशान हैं। अगले साल से किसी भी सरकार के पास बहाना नहीं बचा है कि हम क्या करें? पराली जलाने के अलावा हमारे पास कोई विकल्प नहीं है? दिल्ली के लोगों ने उन सभी सरकारों को पराली से निपटने का समाधान दे दिया है। अब हर सरकार अपने-अपने किसान की वैसी ही मदद करे, जैसे दिल्ली की सरकार ने अपने किसानों की मदद की है। दिल्ली में अभी प्रदूषण बढ़ रहा है। हम देख रहे हैं कि चारों तरफ आसमान धुंए से भरा हुआ है। इसकी वजह से कोरोना की स्थिति और खराब हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार हम लोगों ने दीपावली के समय पटाखे नहीं जलाने की सौगंध खाई थी। दीपावली पर पूरी दिल्ली के लोगों ने मिलकर कनॉट प्लेस के अंदर दीपावली मनाई थी। हम लोगों ने वहां पर लाइट शो रखा था और दिल्ली के सभी लोग कनॉट प्लेस आए थे। इस बार भी हम सब लोग मिलकर दीपावली मनाएंगे, लेकिन किसी भी हालत में पटाखे नहीं जलाएंगे। हिन्दुस्थान समाचार/ प्रतीक खरे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in