एनडीएमसी अध्यक्ष ने सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर सतर्कता जागरुकता सप्ताह का किया शुभारंभ
एनडीएमसी अध्यक्ष ने सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर सतर्कता जागरुकता सप्ताह का किया शुभारंभ

एनडीएमसी अध्यक्ष ने सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर सतर्कता जागरुकता सप्ताह का किया शुभारंभ

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष धर्मेंद्र ने जयसिंह रोड स्थित कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को सतर्कता जागरुकता सप्ताह का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों के प्रमुखों को भ्रष्टाचार से लड़ने और पारदर्शिता लाने के लिए सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर एनडीएमसी द्वारा अपने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए "सार्वजनिक जीवन में नैतिकता" विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार को संबोधित करते हुए पूर्व वरिष्ठ राजनयिक एवं क्विज़ मास्टर डॉ.दीपक वोहरा ने कहा कि पूरा समाज कई स्तरों पर भ्रष्टाचार और सत्यनिष्ठा के उल्लंघन से प्रभावित हो रहा है। इस विश्वास और सत्यनिष्ठा पर जोर देना मानव की जन्मजात नैतिक प्रतिबद्धता है। अगर हमें भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण करना है तो अपने दैनिक जीवन में नैतिकता एवं सत्यनिष्ठा का पोषण करते रहना चाहिए। केंद्रीय सतर्कता आयोग के मुख्य तकनीकी परीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने पारदर्शी निविदा प्रक्रिया और उनके निर्देशों के तकनीकी मुद्दों पर पालिका परिषद के कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ एक अन्य वेबिनार में अपने तकनीकी विचारों का आदान-प्रदान किया। सतर्कता जागरुकता सप्ताह के दौरान एनडीएमसी अपने कामकाज करने में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ने के बारे में जागरुकता पैदा करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रही है और कर्मचारियों एवं छात्रों के लिए डिबेट, क्विज़ आदि जैसे विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। जनता के बीच सतर्कता जागरुकता पैदा करने के लिए एनडीएमसी ने राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय सतर्कता आयोग, पालिका परिषद अध्यक्ष और पालिका परिषद के मुख्य सतर्कता अधिकारी के संदेशों को नई दिल्ली में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर स्थित डिजिटल बोर्डों और पैनलों में प्रदर्शित किया है। इस अवसर पर एनडीएमसी के सचिव अमित सिंगला, मुख्य सतर्कता अधिकारी संजय कुमार त्यागी, वित्तीय सलाहकार पुष्कल उपाध्याय, मुख्य लेखा परीक्षक खालिद बिन जमाल और अन्य विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। एनडीएमसी द्वारा 27 अक्टूबर से 02 नवंबर तक सतर्कता जागरुकता सप्ताह मनाया जा रहा है, ताकि सरकारी कर्मचारी के रूप में सरकारी कामकाज और सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा के महत्व पर जोर दिया जा सके। इस वर्ष सतर्कता जागरुकता सप्ताह का विषय "सतर्क भारत, समृद्ध भारत" है। उल्लेखनीय है कि एनडीएमसी ने सतर्कता जागरुकता सप्ताह की पूर्व संध्या पर सोमवार को भी एक वेबिनार का आयोजन किया था। इसमें दिल्ली के शहरी निकायों द्वारा सर्वोत्तम प्रविधियों और नवाचार पर अपने अपने अनुभव साझा किए गए। इस वेबिनार को केंद्रीय सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी ने संबोधित किया। वेबिनार में दिल्ली के सभी शहरी नागरिक निकायों के प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों जैसे नॉर्थ एमसीडी, ईस्ट एमसीडी, साउथ एमसीडी, डीडीए, दिल्ली कैंट, दिल्ली सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (शहरी विकास) ने भाग लिया और अपने अनुभवों को बेहतरीन तरीके से साझा किया जिसके द्वारा वे अपने संगठनों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कार्यरत है। हिन्दुस्थान समाचार/ प्रतीक खरे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in