नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं और रोज ऑफिस के लिए लंबा सफर तय करते हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है। दिल्ली-एनसीआर में एयर टैक्सी सेवा शुरू करने का प्लान तैयार हो गया है और इसका ब्लूप्रिंट भी बन चुका है। एयर टैक्सी के शुरू होने के बाद शहर में रोजमर्रा के जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब सवाल यह है कि सबसे पहले किस रूट पर यह सुविधा उपलब्ध होगी और इसका पूरा इम्प्लीमेंटेशन प्लान क्या है, जिस पर जल्द ही अधिकारियों की ओर से विवरण साझा किए जाने की संभावना है।
दिल्ली-गुरुग्राम सफर अब सिर्फ 10 मिनट में, एयर टैक्सी से होगी उड़ान
अब जल्द ही दिल्ली से गुरुग्राम का सफर सड़क की भीड़ में फंसे बिना हवा में पूरी किया जा सकेगा। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की नई रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में एयर टैक्सी सेवा शुरू करने का प्लान तैयार है, जिसके तहत दिल्ली, गुरुग्राम और जेवर एयरपोर्ट को हवाई मार्ग से जोड़ा जाएगा। इसका मतलब है कि जिस सफर में आज एक से डेढ़ घंटे लगते हैं, वही अब एयर टैक्सी के जरिए सिर्फ 7 से 10 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जिससे रोजमर्रा के ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
एयर टैक्सी कैसी होगी और क्या फायदे देंगी?
प्लान के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर की एयर टैक्सी असल में छोटी इलेक्ट्रिक उड़ने वाली गाड़ियां होंगी, जो हेलिकॉप्टर की तरह सीधे ऊपर उठेंगी और सीधे तय जगह पर उतर जाएंगी। CII की रिपोर्ट में बताया गया है कि शुरुआत में इसे ट्रायल के तौर पर चलाया जाएगा और अगर सब कुछ ठीक रहा तो धीरे-धीरे आम लोगों के लिए इसे शुरू किया जा सकता है। इस सुविधा से न केवल ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा और यात्रा का समय कम होगा, बल्कि इलेक्ट्रिक तकनीक के इस्तेमाल से प्रदूषण को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
एयर टैक्सी का रास्ता आसान नहीं, नियम और सुरक्षा होगी चुनौती
दिल्ली-एनसीआर में एयर टैक्सी सुविधा शुरू करना इतना आसान नहीं है क्योंकि शहर का आसमान पहले से ही वाणिज्यिक और निजी विमानों से भरा हुआ है। इस वजह से एयर टैक्सी उड़ाने के लिए नए नियम, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और विशेष लैंडिंग ज़ोन बनाना आवश्यक होगा। सरकार और विमानन एजेंसियों की मंजूरी के बिना यह सपना हकीकत नहीं बन सकता। रिपोर्ट के अनुसार, इसका ट्रायल 2026 से 2028 के बीच शुरू हो सकता है और अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला, तो आने वाले सालों में दिल्ली से गुरुग्राम का सफर ऐसा होगा जैसे आज मेट्रो पर यात्रा करना-फर्क सिर्फ इतना होगा कि मेट्रो जमीन पर चलेगी और एयर टैक्सी आसमान में उड़ती नजर आएगी।





