नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। नए साल की पूर्व संध्या पर राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक को लेकर सख्त इंतजाम किए गए हैं। 31 दिसंबर 2025 को शाम 7 बजे से कनॉट प्लेस (सीपी) के इनर, मिडिल और आउटर सर्कल में सभी तरह के वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह कदम भारी भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए उठाया गया है, ताकि लोग बिना परेशानी के नए साल का जश्न मना सकें।
इसी तरह इंडिया गेट के आसपास भी कड़ी पाबंदियां लागू रहेंगी। अगर पैदल चलने वालों की संख्या ज्यादा होती है, तो उस इलाके में वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। पार्किंग की व्यवस्था ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी, लेकिन जगह सीमित होने के कारण लोगों को निजी वाहन लाने से बचने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड और पटेल चौक जैसे स्थानों से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। वहीं गोल डाकखाना, कालीबाड़ी मार्ग, पंत मार्ग, कॉपरनिकस मार्ग, मिंटो रोड और विंडसर प्लेस में सीमित पार्किंग उपलब्ध रहेगी।
इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, खासतौर पर मेट्रो, का उपयोग करने की अपील की है। दिल्ली जू में भी बड़ी भीड़ की संभावना जताई गई है, जिसके चलते मथुरा रोड पर जाम लग सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को हजरत निजामुद्दीन और प्रगति मैदान के बीच भैरों रोड और मथुरा रोड से बचने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए आरएमएल अस्पताल रोड, मंदिर मार्ग, रानी झांसी रोड और विंडसर प्लेस जैसे वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं। नए साल की पूर्व संध्या से पहले दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में बड़े स्तर पर सुरक्षा अभियान भी शुरू कर दिया है।
दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने, शराब पीकर गाड़ी चलाने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से धैर्य रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देश मानने की अपील की गई है। किसी भी तरह की समस्या या जानकारी के लिए नागरिक व्हाट्सएप नंबर 8750871493 और हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं।





