Delhi Flood: दिल्ली में स्कूल-कॉलेज बंद, दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम की सलाह, पानी की सप्लाई भी हुई प्रभावित

Delhi Flood Alert: उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल सचिवालय में आयोजित डीडीएमए की बैठक में बाढ़ की स्थिति को लेकर चर्चा की।
Delhi Flood Alert
Delhi Flood Alert

नई दिल्ली, हि.स.। यमुना में जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने से पैदा हुए हालात के मद्देनजर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने गुरुवार को नॉन एसेंशियल सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज को रविवार तक बंद करने का निर्देश दिया है। साथ ही निजी प्रतिष्ठानों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है।

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को रविवार तक बंद रखने के निर्देश

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सैना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल सचिवालय में आयोजित डीडीएमए की बैठक में बाढ़ की स्थिति को लेकर चर्चा की। कश्मीरी गेट के आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को रविवार तक बंद करने के लिए कहा गया है। आईएसबीटी आने वाली बसें सिंघू बॉर्डर पर रुकेंगी और डीटीसी बसें वहां से लोगों को ले जाएंगी।

दिल्ली में सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को रविवार तक के लिए बंद

बैठक के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केरजरीवाल ने कहा कि यमुना में जलस्तर बढ़ने के बाद पैदा हुए हालात पर आज डीडीएमए की बैठक हुई। दिल्ली में सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को रविवार तक के लिए बंद किया जा रहा है। सभी नॉन एसेंशियल सरकारी दफतरों को वर्क फ्रॉम होम किया जा रहा है। प्राइवेट ऑफ़िस को भी वर्क फ्रॉम होम लागू करने की एडवाइज़री जारी की जा रही है।

यमुना का जलस्तर 208.53 मीटर पर पहुंचा

उन्होंने कहा कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने से पानी की सप्लाई 25 प्रतिशत तक प्रभावित होगी। इसलिए पानी की राशनिंग की जाएगी। दिल्ली में ज़रूरी सेवाओं वाले बड़े वाहनों को ही आने की इजाज़त दी जाएगी। सभी दिल्लीवासी धैर्य रखें, जल्द पानी का स्तर कम होगा और स्थिति सामान्य होगी। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर 208.53 मीटर पर पहुंच गया। इससे 45 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया।

Related Stories

No stories found.