नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भारत के लोकसभा चुनाव में पाकिस्तान पर खूब चर्चा हो रही है। एक दिन पहले कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा था कि ‘पाकिस्तान के पास एटम बम है‘. अब इस पर पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरा है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान के नाम पर जनता को डरा रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की माली हालत खराब चल रही है, वो अपने एटम बम बेचना चाहता है पर उसकी क्वालिटी इतनी खराब है कि कोई उसे खरीद नहीं रहा है।ि
मणिशंकर अय्यर का वीडियो वायरल
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर का एक पुराना वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे पाकिस्तान के साथ रिश्ते बेहतर करने की बात कह रहे है। साथ ही वह यह भी कहते हुए नजर आ रहे है कि भारत को अपनी सैन्य क्षमता पर घमंड नहीं करना चाहिए, क्योंकि इसलामाबाद नई दिल्ली पर परमाणु हमला बोल सकता है।
पाकिस्तान के बम की गुणवत्ता है खराब-पीएम
ओड़िशा के कंधमाल में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस एक बार फिर देशवासियों को डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है, “संभाल के चलो पाकिस्तान के पास एटम बम है”। पीएम मोदी ने कहा,”कांग्रेस पाकिस्तान के पास बम होने की बात करती है, लेकिन इतना खस्ताहाल है कि उसके समझ के बाहर है कि बम को कैसे रखे। वह अपने बम के लिए खरीदार की तलाश में है लेकिन खराब गुणवत्ता की वजह से कोई उन्हें खरीदना ही नहीं चाहता है”।
क्या बोला है मणिशंकर अय्यर ने
एक इंटरव्यू के दौरान अय्यर ने कहा कि सरकार इसलामाबाद से कड़े शब्दों में बात कर सकती है, लेकिन सरकार को पाकिस्तान का सम्मान करना चाहिए। अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो उसे भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि बेशक पाकिस्तान की तरह परमाणु हथियार हमारे देश के पास भी है। लेकिन अगर लहौर में कोई परमाणु बम गिरा दिया जाता है तो उसकी रेडिएशन को अमृतसर तक पहुंचने में केवल 8 सेकंड का समय लगेगा। दूसरे शब्दों में कहे तो पाकिस्तान पर किए गए हमले का नुकसान अपने ही देशवासियों को उठाना पड़ सकता है।





