नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार की सियासत में फिर एक नया मोड़ आ गया है। दिल्ली में आयोजित जनता दल यूनाइटेड (JDU) की बैठक में जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह ने पार्टी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। ललन सिंह के इस्तीफे के बाद अब सवाल यह कि क्या पार्टी की कमान नीतीश कुमार के हाथों में होगी या कोई और पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष होगा।
जेडीयू के नए अध्यक्ष होंगे नीतीश कुमार
गौरतलब है कि इस्तीफा देने से पहले ललन सिंह सीएम नीतीश कुमार के साथ एक ही गाड़ी में सवार होकर बैठक में पहुंचे थे। हालांकि अभी ललन सिंह के इस्तीफे की वजह सामने नहीं आई है। बैठक में पहुंचे जेडीयू नेताओं का कहना है कि हमारे नेताओं का जो भी निर्णय होगा हम उनके साथ है। ललन सिंह ने अपने इस्तीफे के साथ खुद नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव आगे रखा। नेताओं ने ललन सिंह के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से सहमति दे दी। आब इसके बाद जेडीयू के नए अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार खुद होंगे।
देश का पीएम कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो
इस्तीफा देते वक्त ललन सिंह ने कहा, नीतीश कुमार जी के कहने पर ही मैंने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। आगे मुझे लोकसभा चुनाव लड़ना है, ऐसे में एक साथ दोनो जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए चुनौती होगी। इसलिए मैं नीतीश कुमार जी को पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने का प्रस्ताव रखना चाहता हूं। इसके बाद दिल्ली में जेडीयू कार्यकर्ताओं ने जोश में नारा लगाया कहा, ‘देश का पीएम कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो’।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




