Eclipse 2024: नए साल 2024 में लगेंगे इतने सूर्य और चंद्र ग्रहण, जानें भारत में दिखेगा या नहीं

Eclipse 2024 Dates: इस साल 2024 में वैसे तो विश्व में दो सूर्यग्रहण और दो चंद्रग्रहण की खगोलीय घटनाएं होंगी, लेकिन इस कैलेंडर वर्ष में भारत के भूभाग पर न तो सूर्यग्रहण दिखाई देगा और न ही चंद्रग्रहण।
Eclipse 2024 Dates
Eclipse 2024 DatesRaftaar

नई दिल्ली, (हि.स.)। इस साल 2024 में वैसे तो विश्व में दो सूर्यग्रहण और दो चंद्रग्रहण की खगोलीय घटनाएं होंगी, लेकिन इस कैलेंडर वर्ष में भारत के भूभाग पर न तो सूर्यग्रहण दिखाई देगा और न ही चंद्रग्रहण दिखेगा। इसलिए यहां इसका सूतक भी मान्य नहीं होगा। अब भारत में अगला चंद्रग्रहण 7 सितंबर, 2025 को और आंशिक सूर्यग्रहण 2 अगस्त, 2027 को देख पाएंगे।

साल 2024 में दो सूर्यग्रहण और दो चंद्रग्रहण होंगे

नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि इस साल 2024 में दो सूर्यग्रहण और दो चंद्रग्रहण होंगे, लेकिन इनमें से तीन ग्रहण सम्पूर्ण भारत में नहीं दिखाई देंगे। केवल 18 सितंबर को सुबह पश्चिमी भारत के कुछ नगरों में कुछ मिनट के लिए उपछाया चंद्रग्रहण होगा। उपछाया ग्रहण को न ही देखा जा सकता है और न ही इसकी धार्मिक मान्यता बताई गई है। इसीलिए 2024 भारत के लिए ग्रहणविहीन साल होगा।

भारतीय भू भाग से नहीं देखा जा सकेगा ग्रहण

सारिका घारू ने बताया कि सूर्य की परिक्रमा करते हुए पृथ्वी और पृथ्वी की परिक्रमा करते हुए चंद्रमा के एक कतार में आ जाने से दिखने वाली खगोलीय घटना का कोण इस प्रकार होगा कि इसे भारतीय भू भाग से नहीं देखा जा सकेगा। सूर्यग्रहण की घटना तब हो रही होगी, जब भारत में रात होगी तो वहीं चंद्रग्रहण की घटना के समय भारत में दिन निकल चुका होगा।

एक साल में चार से लेकर सात तक ग्रहण हो सकते हैं

उन्होंने बताया कि बताया कि एक साल में चार से लेकर सात तक ग्रहण हो सकते हैं, जिनमें एक साल में दो से लेकर पांच तक सूर्यग्रहण हो सकते हैं। चंद्रग्रहण भी एक साल में दो से लेकर पांच तक हो सकते हैं। आमतौर पर एक साल में दो सूर्यग्रहण और दो चंद्रग्रहण होते हैं, लेकिन पृथ्वी के किसी एक भूभाग या देश से कितने ग्रहण दिखेंगे, यह हर बार बदलता रहता है। अब भारत में अगला चंद्रग्रहण 7 सितंबर, 2025 को और आंशिक सूर्यग्रहण 2 अगस्त, 2027 को देख पाएंगे।

इस साल भारत में न दिखने वाले ग्रहण

चंद्रग्रहण-25 मार्च

सूर्यग्रहण- 08 अप्रैल

चंद्रग्रहण- 17-18 सितंबर

सूर्यग्रहण- 02 अक्टूबर

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें - www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in