नई दिल्ली, एजेंसी। धानुका समूह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में मरीजों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय बनवाने जा रहा है। यह कार्य धानुका समूह अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत कर रहा है। इस प्रतीक्षालय का शनिवार को भूमिपूजन किया। चार महीने में इसका निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस प्रतीक्षालय के भूमि पूजन का कार्य आज एम्स के निदेशक डॉ. एम. श्रीनिवास, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के चेयरमैन न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल और धानुका समूह के चेयरमैन आर.जी. अग्रवाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान एम्स के निदेशक डॉ. श्रीनिवास ने कहा कि “यह आम जन-मानस के लिए सुविधाएं लाने के लिए एक कॉर्पोरेट द्वारा सार्वजनिक संस्थान की मदद करने का एक आदर्श उदाहरण है। एम्स अपने उत्कृष्ट चिकित्सा उपचार और स्वास्थ्य देखभाल के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। यह सुविधा (प्रतीक्षालय) प्रतीक्षारत मरीजों और उनके साथ आने वाले रिश्तेदारों व शुभचिंतकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। हम इस पहल के लिए धानुका ग्रुप को धन्यवाद देते हैं।”
समारोह में बोलते हुए धानुका समूह के अध्यक्ष आर.जी. अग्रवाल ने कहा, “एम्स के साथ साझेदारी करना हमारे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। हम उन लाखों रोगियों के लिए प्रतीक्षालय का निर्माण कर रहे हैं, जो यहां उस भरोसे के साथ आते हैं जोकि इस संस्थान के प्रति भारतीयों और दुनिया भर के लोगों के बीच रहता है। एक बार शुरू होने के बाद यह 24 घंटे चालू रहेगा और बीमार मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों के लिए उपलब्ध रहेगा।”
उल्लेखनीय है कि एम्स परिसर के सामुदायिक केंद्र के पास इस प्रतीक्षालय का निर्माण किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य प्रतीक्षारत रोगियों और उनके साथ आने वाले रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों को बड़ी राहत पहुंचाना है। इस कार्य को चार महीने में पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रतीक्षालय में वॉशरूम, पीने के पानी की सुविधा और जलपान के लिए कैंटीन की सुविधा होगी।





