नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ सीएम आवास में हुई कथित मारपीट के मामले में आज दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के PA विभव कुमार को सीएम आवास से गिरफ्तार कर लिया है। विभव कुमार के वकील करन शर्मा का कहना है कि पुलिस की तरफ से फिलहाल उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली पुलिस को ईमेल भेजा है जिसमें जांच में सहयोग करने की बात कही गई है।
सीएम आवास से गिराफ्तार हुए विभव कुमार
आपको बताते चले कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार पर आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ सीएम आवास में मारपीट और बदसलूकी करने का आरोप लगा है। स्वाति मालीवाल ने खुद इस पूरे मामले की एफआईआर दिल्ली पुलिस के पास दर्ज कराई थी। जिसके बाद से ही दिल्ली पुलिस लगातार विभव कुमार की तलाश कर रही थी। आज पुलिस ने विभव कुमार को सीएम आवास से हिरासत में ले लिया है। थोड़ी देर पहले ही दिल्ली पुलिस की टीम सीएम आावस पर पहुंची थी। और यहां से विभव कुमार को गिराफ्तार कर सिविल लाइंस थाने ले गई।
आप ने वीडियों जारी कर कहा, स्वाति मालीवाल का सच हो रहा उजागर
आम आदमी पार्टी ने अपनी राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल पर हमला करते हुए कहा कि मालीवाल ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री के पीए विभव कुमार पर हिंसा करने का आरोप लगाया था। शनिवार को आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ वीडियो जारी कर लिखा कि स्वाति मालीवाल के आरोपो के पीछे का सच ये वीडियो दिखाते हैं। वीडियो में स्वाति मालीवाल को सुरक्षाकर्मियों द्वारा सीएम आवास से बाहर ले जाते हुए देखा जा सकता है। जिसमें स्वाति पर ना तो कोई चोट दिखाई पड़ी है और ना ही उसके कपड़े फटे हैं, बता दें कि कपड़ों के फटने का दावा उन्होंने अपनी शिकायत में किया है। साथ ही एक दूसरा वीडियो जो पहली वीडियो (13 मई) के चार दिन बाद का है उसमें देखा जा सकता है कि उन्हें चलने में परेशानी हो रही है और उनके लिए व्हीलचेयर लाई जाती है। इन वीडियो को जारी करने के बाद आप द्वारा सवाल किया गया कि ये कैसा ड्रामा है?
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





