
कोलकाता, एजेंसी। दिल्ली में केमिकल फैक्ट्री में लगी आग में पश्चिम बंगाल के चार लोगों की मौत हो गई है। अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की भी घोषणा की।
दिल्ली अग्निकांड में मरने वालों में तीन मालदा के रहने वाले थे जबकि एक उत्तर दिनाजपुर निवासी था। वे व्यापार के सिलसिले में राजधानी गए थे। ममता ने शनिवार को ट्विटर पर उनके परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि दिल्ली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण आग की घटना में हमने चार बेशकीमती जान गंवाई है। मालदह से तीन और उत्तर दिनाजपुर से एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। परिजनों को दो-दो लाख रुपये के मुआवजे के अलावा मृतकों के परिवारों के लिए हर तरह की मदद सुनिश्चित की जाएगी।
दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। उस फैक्ट्री के बगल वाले अपार्टमेंट में बंगाल के छह लोग रहते थे। आग के धुएं से दम घुटने की वजह से चार लोगों की मौत हो गई। बाकी का इलाज गंभीर हालत में किया जा रहा है।
मृतकों में मालदा के बैकुंठपुर बहारल क्षेत्र के फजलुर चौधरी (42), माणिकचक के मोहना जहेदुल हक (40), नागराई नरहट्टा के तुलु शेख (40) और उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर निवासी फतिरुल शेख शामिल हैं। उनके पार्थिव शरीर शनिवार रात तक दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल से राज्य लाए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा घायलों में दो मालदा के इंग्लिशबाजार के रहने वाले हैं।