नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । दिल्ली में 23 वर्षीय बाइक सवार को कुचलने के मामले में आरोपी नाबालिग के पिता ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि यह एक बड़ी गलती थी। पिता ने मीडिया से कहा “मैं बहुत-बहुत माफी चाहता हूं।” उन्होंने आगे बताया कि पूरा परिवार इस हादसे से सदमे में है और बेटे की हरकत से वे बेहद शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा “मुझे बहुत शर्म आ रही है।” पिता के इन शब्दों से यह स्पष्ट है कि परिवार इस घटना की गंभीरता को पूरी तरह समझ रहा है।
“मैं गोरखपुर में था, बेटे ने नादानी में चाबी ली”’
आरोपी नाबालिग के पिता गोरखपुर में काम पर थे। उन्होंने बताया कि बेटे ने नादानी में कार की चाबी ली होगी। पिता ने कहा, “अगर मैं दिल्ली में होता तो शायद यह घटना नहीं होती। उसकी मां घर पर थीं और उसने नादानी में गलत निर्णय लिया। जब मैं घर पर रहता हूं तो माहौल सख्त रखता हूं।” पिता ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका बेटा घटना के बाद भागा नहीं और घायलों की मदद की। पत्नी ने उन्हें घटना की जानकारी दी और शहर से बाहर होने के बावजूद उन्होंने परिवार को घायल को अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी।
नाबालिग के पिता ने मृतक की मां से मांगी माफी
नाबालिग के पिता ने SUV पर पहले से कई चालान होने के दावे पर सफाई दी। उन्होंने बताया कि उनका कमर्शियल व्यवसाय है और गाड़ी अक्सर ड्राइवर चला लेते हैं। पिता ने मृतक साहिल धनैशरा की मां इन्ना माकन से भी गहरी माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अब स्थिति को बदला नहीं जा सकता, लेकिन वह उनके दुख को समझते हैं और जीवनभर उनसे माफी मांगते रहेंगे।
हादसे का लेखा जोखा
यह हादसा इसी महीने लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुआ और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। नाबालिग अपने पिता की SUV चला रहा था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। दिल्ली पुलिस के अनुसार, SUV ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद सड़क किनारे खड़ी टैक्सी से भी टकरा गई। इस घटना में बाइक सवार साहिल धनैशरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक अजीत सिंह को अस्पताल ले जाया गया। आरोपी नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया और उसे ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया। बाद में उसे 10वीं बोर्ड परीक्षा देने के लिए अंतरिम राहत भी दी गई।
पीड़ित परिवार का आरोप
पीड़ित साहिल धनैशरा की मां इन्ना माकन ने आरोप लगाया कि 3 फरवरी को आरोपी नाबालिग अपनी बहन के साथ रील बनाने निकला था। उन्होंने कहा कि उस रील में SUV की तेज रफ्तार स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। उनका दावा है कि नाबालिग ने गलत लेन में बस के सामने स्टंट किया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। आरोपी के भाई ने भी माना कि नाबालिग तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था और बिना ड्राइविंग लाइसेंस होने के बावजूद गाड़ी चलाने की जिम्मेदारी उसी की है। हालांकि, उसने यह भी कहा कि हादसे के बाद नाबालिग मौके से नहीं भागा और जिम्मेदारी से घायलों की मदद की।





