नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजधानी Delhi और आसपास के NCR इलाकों में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है। 13 मार्च की सुबह इस साल की अब तक की सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई। इस दिन न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 5.3 डिग्री ज्यादा है। तेज धूप के कारण दिन के समय भी गर्मी का असर बढ़ने लगा है।
14 मार्च को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को दिल्ली-NCR में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, लेकिन बारिश की संभावना कम है। दिन में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी रह सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
15 मार्च को बारिश की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि 15 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल सकता है। इस दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान फिर से 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। 16 और 17 मार्च को मौसम सामान्य रहने और आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
दिल्ली के इन इलाकों में दिख सकता है असर
मौसम विभाग के अनुसार हल्की बारिश और मौसम में बदलाव का असर राजधानी के अधिकांश इलाकों में देखने को मिल सकता है। इनमें उत्तर दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्व दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जैसे इलाके शामिल हैं।





