नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते दिन हुई बारिश के बाद ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। ठंडी हवाओं, गलन और घने कोहरे के चलते लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर जलते अलाव, लोग मोटे कपड़ों और कंबलों में लिपटे नजर आ रहे हैं।
बारिश ने बढ़ाई ठंड, गलन से लोग परेशान
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड और तेज हो गई। बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ गई और गलन ज्यादा महसूस होने लगी। ठंडी हवाओं की रफ्तार करीब 19 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जिससे दिन में भी ठिठुरन बनी रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो रही है, जबकि दिन में हल्की धूप निकलने की संभावना है।
घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी अलर्ट लागू है। सुबह और देर रात विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। IMD के मुताबिक फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 15 जनवरी तक ठंडी हवाएं चलती रहेंगी और तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री और अधिकतम 16 से 17 डिग्री के बीच बना रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें, गर्म कपड़े पहनें और ठंडी हवा से बचाव करें।





