नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना महामारी की तेज रफ्तार के बीच दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती मरीज सांस लेने के लिए तरस रहे हैं। अस्पतालों में लगातार ऑक्सीजन की किल्लत हो रही है। ऐसे में मरीजों की सांस के लिए दिल्ली पुलिस बड़ी आस बनी हुई है। मरीजों की जान बचाने के लिए इस बार दिल्ली पुलिस लगातार ऑक्सीजन का बंदोबस्त करने में जुटी हुई है। ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए पहली बार पुलिस ग्रीन कॉरिडोर बना रही है। अभी तक एक दर्जन से ज्यादा अस्पतालों में ऑक्सीजन पहुंचाकर पुलिस सैकड़ों मरीजों की जान बचा चुकी है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में हजारों की संख्या में कोरोना मरीज भर्ती हैं। इनमें से अधिकांश को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके चलते, उन्हें ऑक्सीजन पर रखा गया है। ऑक्सीजन की डिमांड लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद, कई अस्पतालों तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच पा रही है। ऐसे में अस्पताल खुद दिल्ली पुलिस से मदद मांग रहे हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव की तरफ से सभी जिला डीसीपी को निर्देश दिए गए हैं कि वह संकट की इस घड़ी में अस्पतालों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करें। अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज की जान बचाने के लिए पुलिस बीते चार दिनों से जगह-जगह से ऑक्सीजन का बंदोबस्त कर रही है। लोग ट्वीट कर मांग रहे ऑक्सीजन सिलेंडर दिल्ली पुलिस पर जनता के भरोसे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोग अपने इलाके के डीसीपी को ट्वीट कर, उनसे ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा अपने लोकल एसएचओ को कॉल कर मरीज उनसे ऑक्सीजन सिलेंडर मांग रहे हैं। उत्तर-पश्चिम जिला में ऐसे कई मरीजों को बीते दिनों पुलिस द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करवाये गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2020 में जहां लोगों के लिए खाना और दवाइयां उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता थी, तो वहीं इस वर्ष लोगों तक ऑक्सीजन पहुंचाना, उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है। उनका प्रयास है कि ऑक्सीजन की कमी से किसी मरीज की जान न जाये। कहीं बनाये ग्रीन कॉरिडोर, कहीं पहुंचाए सिलेंडर अस्पतालों ने जिस तरीके से दिल्ली पुलिस से ऑक्सीजन के लिए आस लगा रखी है, उस पर अभी तक दिल्ली पुलिस खरी उतरी है। अस्पताल तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए एक तरफ ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पुलिस गाड़ी के आगे-आगे चल रही है, तो वहीं दूसरी तरफ अस्पतालों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर का बंदोबस्त किया जा रहा है। पुलिस पर अस्पतालों को भी इतना भरोसा है कि वह ट्वीट कर ऑक्सीजन की किल्लत दूर करने के लिए उनसे मदद मांग रहे हैं। प्रत्येक जिले के डीसीपी अपने इलाके के सभी अस्पतालों से संपर्क में हैं और उनकी हर संभव मदद की जा रही है। हाल में ऑक्सीजन पहुंचाने के कुछ मामले 22 अप्रैल 2021- थाना मौर्या एन्क्लेव के स्टाफ ने मुन्नी मायाराम अस्पताल में 42 कोविड़+ मरीजों के लिए मुंडका से 12 ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराए। 22 अप्रैल 2021- पंचकुइया रोड स्थित दिल्ली हार्ट एंड लंग इंस्टिट्यूट में भर्ती 82 मरीजों के लिए पहाड़गंज पुलिस ने नारायणा से ऑक्सीजन के सिलेंडर का बंदोबस्त किया। 22 अप्रैल 2021- मैक्स अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी का पता चलते ही अप्सरा बॉर्डर से लेकर अस्पताल तक ऑक्सीजन के टैंकर को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पुलिस ने अस्पताल तक पहुंचाया। 21 अप्रैल 2021- प्रशांत विहार स्थित संतोम अस्पताल में बुद्ध विहार से 15 ऑक्सीजन के सिलेंडर पुलिस ने मुहैया करवाये। 21 अप्रैल 2020- संगम विहार स्थित बत्रा अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के चलते 350 कोरोना मरीजों की जान पर संकट बना हुआ था। ऐसे में बदरपुर से ऑक्सीजन के 60 सिलेंडर भरवाकर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाए, जिससे मरीजों को ऑक्सीजन दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




