नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजधानी दिल्ली इन दिनों मौसम और प्रदूषण दोनों के डबल अटैक से जूझ रही है। आज गुरुवार सुबह शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 335 दर्ज किया गया, जो ‘खतरनाक’ श्रेणी को छूता है। यह लगातार चौथा दिन है जब हवा इतनी खराब स्थिति में पहुंची है कि लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने लगा है। सीपीसीबी का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी हालात में खास सुधार की उम्मीद नहीं है, बल्कि प्रदूषण और बढ़ सकता है।
राजधानी के कई इलाकों में तो हालात और गंभीर हैं। मंगलवार को जहां एक्यूआई 372 तक पहुंच गया था, वहीं बुधवार को भी यह 342 पर बना रहा। नेहरू नगर जैसे क्षेत्रों में प्रदूषण स्तर 378 तक गया, जो बेहद चिंताजनक है। आरके पुरम, बुराड़ी, आनंद विहार, मुंडका, बवाना, विवेक विहार, अलीपुर, शादीपुर और उत्तरी जिले के अन्य हिस्सों में भी हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली की हवा साफ होने की उम्मीदें कम
दिल्ली-NCR में फिलहाल स्वच्छ हवा की उम्मीदें कम ही दिख रही हैं। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक राजधानी में एक्यूआई ‘बेहद खराब’ श्रेणी में ही बना रह सकता है। रात के समय छाने वाली घनी धुंध और दिन में हवा की धीमी रफ़्तार, दोनों मिलकर प्रदूषण को और ज्यादा बढ़ावा दे रहे हैं।
बुधवार को वाहनों से निकलने वाला धुआं कुल प्रदूषकों में लगभग 16% का हिस्सा था, जबकि गुरुवार के लिए यह अनुमान 14.3% का लगाया गया है। प्रमुख शहरों के आज के एअर क्वालिटी इंडेक्स के अनुसार दिल्ली का एक्यूआई 278, नोएडा 268, गाजियाबाद 313, गुरुग्राम 276 और ग्रेटर नोएडा 274 दर्ज किया गया, जो सभी क्षेत्रों में हालात के चिंताजनक बने रहने का संकेत देते हैं।
दिल्ली में कड़ाके की सर्दी की दस्तक
दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। बुधवार, 3 दिसंबर को इस सीजन का अब तक का सबसे सर्द दिन रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 5.1 डिग्री तक पहुंच गया, यह औसत से करीब 4 डिग्री कम है। आईएमडी ने गुरुवार को भी मध्यम कोहरे की संभावना जताई है, और अनुमान लगाया है कि अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री और न्यूनतम करीब 6 डिग्री रह सकता है।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिकों का कहना है कि NCR में अब असली सर्दी की शुरुआत हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4 दिसंबर के बाद रात का तापमान और तेजी से गिर सकता है, जिससे ठंड रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की आशंका है। दिन में चलने वाली तेज़ ठंडी हवाएं पारा और नीचे धकेल सकती हैं। हालात इस समय काफी गंभीर हैं। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान लगभग 5 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में यह करीब 8 डिग्री के आसपास रह सकता है। दिन का अधिकतम तापमान भी लगभग 22 डिग्री पर अटका रहेगा। यानी अगले 48 घंटे प्रदूषण और कड़ाके की ठंड, दोनों के लिहाज से दिल्ली-एनसीआर के लिए चुनौतीपूर्ण हैं।





