नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली सरकार ने होली के मौके पर बड़ा ऐलान किया है। 4 मार्च को मनाई जाने वाली होली से पहले राजधानी के राशन कार्ड धारकों को मुफ्त में LPG गैस सिलेंडर दिया जाएगा। यह योजना होली से ही लागू होगी। इतना ही नहीं, दिवाली पर भी लाभार्थियों को एक और मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा।
CM रेखा गुप्ता का ऐलान
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने इस योजना को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने 5 फरवरी को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी थी। सीएम ने कहा कि यह वादा उनके संकल्प पत्र में किया गया था और कैबिनेट बैठक में इसे पास कर दिया गया है। इस योजना के लिए करीब 242.77 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
कैसे मिलेगा पैसा?
सरकार सीधे गैस सिलेंडर देने के बजाय उसकी कीमत लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर करेगी। प्रति परिवार 853 रुपये DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए खाते में भेजे जाएंगे। जो लोग PNG गैस का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें भी 853 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस योजना का लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनके पास दिल्ली सरकार द्वारा जारी वैध राशन कार्ड हो। जिनका बैंक खाता सक्रिय हो और DBT से लिंक हो। जिनका नाम राशन कार्ड सिस्टम में पंजीकृत हो।
कब मिलेगा फायदा?
होली के मौके पर 4 मार्च से पहले लाभार्थियों के खाते में 853 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। दिवाली (लगभग 8 नवंबर 2026) के आसपास दूसरी किस्त दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इस योजना से लाखों परिवारों को राहत मिलेगी और त्योहारों के समय घरेलू खर्च का बोझ कम होगा। दिल्ली सरकार के इस फैसले को त्योहार से पहले बड़ी सौगात के तौर पर देखा जा रहा है।





