नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। दिल्ली के राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत ने रविवार को नजफगढ़ में कोरोना से जान गंवाने वाले जग परवेश डागर के परिवार को दिल्ली सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। दिल्ली के नजफगढ़ निवासी जग परवेश डागर, चौधरी ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान, खेरा दरबार में लैब टेक्नीशियन थे। जिनकी जून 2020 में कोरोना से मृत्यु हो गई। उनके परिवार में पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। उन्होंने 2012 में लैब टेक्नीशियन के पद पर अनुबंध के आधार पर ज्वाइनिंग की थी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने पिछले वर्ष वैसे सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि की घोषणा की थी जिनकी मृत्यु ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमित होने के बाद हो गई। हिन्दुस्थान समाचार / श्वेतांक




