नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजधानी Delhi में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई, जिसमें विधानसभा भवन के साथ-साथ विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब आज ही दिल्ली का बजट पेश होना है, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।
दो अलग-अलग समय पर आए धमकी भरे ईमेल
जानकारी के मुताबिक, पहला धमकी भरा ईमेल सुबह 7:28 बजे दिल्ली विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया। इसके कुछ ही देर बाद, सुबह 7:49 बजे दूसरा ईमेल सीधे विधानसभा अध्यक्ष Vijender Gupta की ईमेल आईडी पर आया। दोनों ईमेल में विधानसभा परिसर और मेट्रो स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी गई थी।
कई बड़े नेताओं का नाम शामिल
इस धमकी भरे मेल को गंभीर इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि इसमें देश और दिल्ली के कई बड़े नेताओं का नाम लिया गया है। इनमें PM Narendra Modi, Amit Shah, Subrahmanyam Jaishankar, Tarunjeet Singh Sandhu, CM Rekha Gupta, Manjinder Singh Sirsa जैसे नाम शामिल हैं। धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला है, लेकिन सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही।
मेट्रो स्टेशन पर भी बढ़ी चौकसी
चूंकि धमकी में विधानसभा मेट्रो स्टेशन का भी जिक्र किया गया है, इसलिए वहां भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यात्रियों की जांच सख्त कर दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और साइबर टीम ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसी बड़ी साजिश का हाथ तो नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष Vijender Gupta ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी धमकी से घबराने की जरूरत नहीं है। फिलहाल पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर रहेंगी।




