नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। रविवार को भी राजधानी की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में भी हालात फिलहाल सुधरने वाले नहीं हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 391 दर्ज किया गया। CPCB के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, दिल्ली के 19 मॉनिटरिंग स्टेशनों ने हवा को ‘गंभीर’ श्रेणी में दिखाया, जबकि बाकी 19 स्टेशनों की रीडिंग 300 से ऊपर रही, जो ‘बहुत खराब’ स्तर में आती है।
दिल्ली में तीन दिनों तक AQI रहेगा ‘बहुत खराब’
इस बीच, मौसम भी प्रदूषण के असर को बढ़ाने में अपनी भूमिका निभा रहा है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, दिल्ली की हवा सोमवार से बुधवार तक ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने के आसार है। CPCB के अनुसार 0–50 के बीच AQI ‘अच्छा’ माना जाता है, जबकि 301–400 के स्तर को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा जाता है। वहीं 401–500 के बीच का AQI ‘गंभीर’ माना जाता है। मौसम विभाग ने सोमवार को मध्यम स्तर के कोहरे की भी संभावना जताई है।
दिल्ली में तापमान औसत से नीचे
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। शाम 5.30 बजे आर्द्रता का स्तर 68 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया है।
तेजी से बिगड़ते हालात को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने, मास्क का उपयोग करने और सुबह-शाम की सैर से बचने की सलाह दे रहे हैं। फिलहाल दिल्लीवासियों को राहत के लिए मौसम में बदलाव या तेज हवाओं का इंतजार करना पड़ सकता है।




