नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पश्चिम दिल्ली के मोती नगर फ्लाईओवर के पास मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में 54 वर्षीय रेहड़ी मालिक रामकरन की मौत हो गई। कार ने उन्हें कुचल दिया, जिससे रामकरन घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना के कुछ घंटों बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रामकरन का शव फ्लाईओवर के पास मिला, जिसमें पेट के निचले हिस्से और माथे पर गंभीर चोटें थीं। मामले की जांच जारी है।
फुटपाथ पर पड़ा मिला था रामकरन का शव
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 7:15 बजे PCR कॉल मिली कि नजफगढ़ रोड के पास एक बैंक्वेट हॉल के पास शव पड़ा है। सीनियर पुलिस अफसर ने बताया, “मौके पर पहुंची टीम ने फुटपाथ पर एक पुरुष का शव पड़ा देखा।” जांच जारी है।
शव पर चोट के निशान स्पष्ट – पुलिस
सीनियर पुलिस अफसर ने बताया कि शव पर चोट के निशान स्पष्ट थे। बाद में उसकी पहचान रेहड़ी मालिक रामकरन के रूप में हुई। मौके पर उनका सामान बिखरा मिला। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर क्राइम और फॉरेंसिक टीम बुलाई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल भेजा।
CCTV फुटेज में दिखी सफेद रंग की कार
पुलिस ने जांच के दौरान आसपास के कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सफेद रंग की डिजायर कार क्षतिग्रस्त हालत में दिखाई दी, जिसे घटना से जोड़ा गया। CCTV सबूतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
आरोपी नोएडा से गिरफ्तार
टेक्निकल निगरानी और लगातार पूछताछ के बाद नोएडा सेक्टर-53 के गुहोरी निवासी 25 वर्षीय मोहित यादव, जो आरोपी ड्राइवर है, को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अफसर ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और CCTV फुटेज की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि रामकरन की मौत के वास्तविक कारण और हादसे का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट किया जा सके।





