नई दिल्ली, हिन्दुस्थान समाचार। आम आदमी पार्टी (आप) ने धमकी दी है कि केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस का समर्थन नहीं मिलने की स्थिति में वे विपक्षी एकता के लिए शुक्रवार को पटना में होने जा रही बैठक का बहिष्कार करेगी।
अध्यादेश के मुद्दे पर कांग्रेस को हमारा समर्थन करना चाहिए
आप सूत्रों ने कहा है कि दिल्ली के संदर्भ में केंद्र सरकार के अध्यादेश के मुद्दे पर कांग्रेस को हमारा समर्थन करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम विपक्षी बैठक का बहिष्कार करेंगे और भविष्य में होने वाली विपक्षी बैठकों से दूर रहेंगे। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पिछले महीने एक अध्यादेश लाई थी। इसमें दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति का प्रस्ताव है। उप राज्यपाल के पास इस संबंध में निर्णय लेने का अंतिम अधिकार होगा
कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना मंतव्य शुक्रवार तक कर देगी स्पष्ट
मुख्यमंत्री इस अध्यादेश के खिलाफ देशभर के विपक्षी नेताओं से मिल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी नेता राहुल गांधी से मिलने का भी अनुरोध किया था। मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आशा व्यक्त की थी कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना मंतव्य शुक्रवार तक स्पष्ट कर देगी। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने मुख्यमंत्री केजरीवाल पर सौदेबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी विपक्षी एकता की बैठक में जरूरत नहीं है। केजरीवाल विपक्ष की एकजुटता नहीं चाहते और बहाने ढूंढ रहे थे कि कैसे बैठक से अलग हो जाया जाए।





