नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस इस समय अरविंद केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को अपना रही है। सिसोदिया ने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस समय देश के पांच राज्यों में चुनाव हैं। यहां देश की दोनों बड़ी पार्टिया भाजपा और कांग्रेस अरविंद केजरीवाल के विकास मॉडल का लेकर जनता के बीच जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कि चाहे 200 यूनिट तक फ्री में बिजली देने की बात हो या फिर महिलाओं को फ्री में ट्रांसपोर्ट की सुविधा देने की बात हो। केरल में भाजपा ने वादा किया है कि अगर वो सत्ता में आए तो महिलाओं को फ्री में ट्रासपोर्ट सुविधा मुहैया कराएंगे। वहीं बीते दिनों कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी असम में एक रैली के दौरान कहा था कि उनकी सरकार आने पर वो 200 यूनिट तक बिजली का बिल माफ कर देंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री ने भी महिलाओं के लिए सरकारी बसों में फ्री यात्रा की बात कही है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्रियों से बातचीत के दौरान खुद कहा कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए होम आइसोलेशन प्रभावी विकल्प है। जबकी होम आइसोलेशन की बात दिल्ली सरकार पहले से ही करती आ रही है। सिसोदिया ने कहा कि ये तमाम उदाहरण इस बात को साबित करते हैं कि अरविंद केजरीवाल ही केवल एक ऐसे नेता हैं जिनके पास देश को लेकर विजन है। हिन्दुस्थान समाचार/आशुतोष




