नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पिछले कुछ दिनों में मामूली सुधार के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शुक्रवार को सुबह 6 बजे AQI 348 दर्ज किया गया। खराब होती वायु गुणवत्ता के अलावा दिल्ली में तापमान में भारी गिरावट के साथ कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है। दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ घने कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है। घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। जिसका असर ट्रैफिक पर भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी ठंड और बढ़ेगी। शीतलहर में भी बढ़ोत्तरी का अनुमान है । साथ ही 5 जनवरी से दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। जिससे तापमान में गिरावट आयेगी।
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को घने कोहरे की मोटी परत छा गई, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई है। IMD ने शीत लहर के बीच घने से बहुत घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 17 और 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता (AQI) इस प्रकार है- जहांगीरपुरी (397), वजीरपुर (392), पटपड़गंज (378), रोहिणी (372), आर के पुरम (368), पूसा (347), पंजाबी बाग (370), अशोक विहार (366), मंदिर मार्ग (355), लोधी रोड (309), अलीपुर (372), बवाना (372), बुराड़ी क्रॉसिंग (352), आया नगर (296), नजफगढ़ (248)।
दिल्ली-एनसीआर में धुंध और कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू और कश्मीर में 5 और 6 जनवरी को भारी बर्फबारी के आसार है। साथ ही तेज हवाएं चल सकती है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से 6 जनवरी तक तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में लगातार चौथे दिन भीषण ठंड बनी रही। ठंड और कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई। आयानगर में दृश्यता शून्य हो गई, जबकि सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र में 200 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतर स्थानों पर धुंध और मध्यम कोहरे का अनुमान जताया है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी रह सकता है।





