नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां शुरु हो गई हैं। आय दिन दोनों पार्टियांं एक दूसरे पर आरोप लगाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप विधायक की गैंगस्टरों के साथ बातचीत का एक ऑडियो क्लिप जारी करते हुए अपनी बात रखी है। यह आरोप आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान पर लगाया गया है।
आप गुंडों की पार्टी बन गई है – भाटिया
भाटिया ने कहा, “आप गुंडों की पार्टी बन गई है…गुंडे आप के सबसे बड़े समर्थक हैं। वे खुलेआम पैसे वसूलते हैं और आप विधायक के निर्देश पर आम आदमी को धमकाकर वसूली की जाती है। अरविंद केजरीवाल की सहमति से आप विधायक आम आदमी को धमकाकर वसूली का धंधा चला रहे हैं। आप के ‘रंगदारीखोर’ विधायक नरेश बाल्यान की एक ऑडियो क्लिप में वह एक बिल्डर से पैसे वसूलने के लिए एक गैंगस्टर से बात कर रहे हैं। क्या संविधान की शपथ लेने वाले विधायक का काम अरविंद केजरीवाल की मंजूरी से निर्दोष नागरिकों को धमकाना और रंगदारी का धंधा चलाना है?” उन्होंने कहा, “जनता ने आपको (आप) शराब घोटाला और रंगदारी का धंधा करने के लिए नहीं चुना है।”
“ईमानदारी की आड़ में धोखाधड़ी”
भाजपा ने कहा, “ये हैं आप के ‘कट्टर ईमानदार’… आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालयान एक गैंगस्टर से बातचीत कर रहे हैं। गैंगस्टर पूछता है कि आप नेता ने उसके खिलाफ शिकायत क्यों दर्ज कराई है। बालयान जवाब देता है कि उसे गैंगस्टर और उसके गुंडों द्वारा ब्लैकमेल किया जा रहा है। गैंगस्टर जवाब देता है कि वह बालयान की कुछ रिकॉर्डिंग वायरल कर देगा, जिसे सुनकर विधायक भड़क जाता है और कैनरी की तरह गाना शुरू कर देता है।” “एक अन्य बातचीत में, आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालयान का एक करीबी सहयोगी एक गैंगस्टर से जमीन के सौदे के बारे में बात कर रहा है और कई अन्य व्यापारियों को ब्लैकमेल कर रहा है। ईमानदारी की आड़ में, ये सभी आप धोखाधड़ी कर रहे हैं, बस गुंडागर्दी है!”
भाजपा का आरोप, डरा-धमका कर पैसे वसूलने में लगी ‘आप’
भाजपा की ओर से प्रेसवार्ता में आरोप लगाया गया कि आम आदमी पार्टी लोगों को डरा-धमका कर पैसे वसूलने में लगी हुई है। उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता एवं भाजपा प्रवक्ता भाटिया ने मुख्यमंत्री आतिशी और पूर्व मुख्यमंत्री, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से भ्रष्ट विधायकों से तुरंत इस्तीफा लिए जाने की मांग की है। भाजपा नेताओं का कहना था कि अगर विधायक का इस्तीफा नहीं लिया गया तो यह समझा जाएगा कि पार्टी और उसके नेताओं को फिरौती दी जा रही है।
आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में बस अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। ऐसे में हाल ही में आप ने दिल्ली में अपराधों में कथित वृद्धि और इसे गैंगस्टर कैपिटल में बदलने को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घेरा था। अब भाजपा के इन आरोपों को उसी के जवाब के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने राजधानी दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कहा था कि पिछले एक-दो सालों में गैंग हिंसा, व्यापारियों को जबरन वसूली के लिए कॉल और लगातार गोलीबारी की घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दिल्ली में देखने को मिल्ली है। इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार और गृहमंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं, क्योंकि यहां की कानून व्यवस्था केंद्र के पास है । फिलहाल आप नेताओं ने बीजेपी के आरोप पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।




