आदेश गुप्ता ने कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर कांप्लेक्स से सुनी 'मन की बात'
आदेश गुप्ता ने कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर कांप्लेक्स से सुनी 'मन की बात'

आदेश गुप्ता ने कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर कांप्लेक्स से सुनी 'मन की बात'

नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को रविवार को दिल्ली में जगह-जगह खास इंतजाम कर सुना। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर कांप्लेक्स से प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना और भगवान हनुमान के दर्शन कर दिल्लीवासियों के अच्छे स्वास्थ्य और विकास के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर दिल्ली भाजयुमो अध्यक्ष सुनील यादव, जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। आदेश गुप्ता ने कहा कि आज ही के दिन 1999 में मां भारती की सेवा में जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए बलिदान दिया। हमारे देश के वीर जवानों ने देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। जवानों के परिवारों को भी मेरा शत् शत् नमन है। उन्होंने बताया कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने करगिल के शहीदों के बलिदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आग्रह किया कि वेबसाइट www.gallantryawards.gov.in पर जरूर विजिट करें। वहां आपको हमारे वीर पराक्रमी योद्धाओं के बारे में उनके पराक्रम के बारे में बहुत सारी जानकारियां उपलब्ध होंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री द्वारा बिहार और असम में आई बाढ़ पर चिंता जताने, वोकल फॉर लोकल का मंत्र दिए जाने सहित कई बाते बताई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों के कई ऐसे उदाहरण दिए जहां के लोग अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। लेमन ग्रास, ड्रैगन फ्रूट, खूबानी, मोती की खेती, बांस से बने सामान बनाए जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नवीनीकरण और रचनात्मक विचार युवाओं को भी प्रोत्साहित करता है। इसकी झलक मन की बात में सुनने को मिली। गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद ही राखी का त्यौहार है और इस साल देसी राखी भाई-बहन के बंधन का यह त्योहार और यादगार बनने जा रहा है। पिछले साल तक रक्षाबंधन में चीन में बनी राखियों का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन इस साल सेल्फ हेल्प ग्रुप के माध्यम से महिलाएं घरों में, कई कारीगर राखियां तैयार कर रहे हैं। इस साल 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस भी अलग होगा। प्रधानमंत्री के उद्बोधन से हमारे कोरोना योद्धाओं में नई प्रेरणा और नई ऊर्जा का संचार होगा। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार पर बिजली बिल को लेकर निशाना भी साधा। गुप्ता ने कहा कि भारी-भरकम बिजली बिलों से परेशान लोगों के लिए भी दिल्ली भाजपा ने बिजली जल आंदोलन की शुरुआत की है। इस संकट के समय दिल्ली सरकार को दिल्ली के लोगों को आर्थिक राहत प्रदान करनी चाहिए लेकिन इसके विपरीत दिल्ली सरकार बिजली कंपनियों के साथ मिलकर भारी भरकम बिजली बिल भेज कर लोगों को परेशान करने का काम कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/ वीरेन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in