नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। चंडीगढ़ नगर निगम में हुए मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी को कुल 18 वोट मिले और वे चंडीगढ़ के नए मेयर चुने गए। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेश ढींगरा को 11 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के गुरप्रीत गाबी को सिर्फ 7 वोट हासिल हुए।
हाथ उठाकर पहली बार हुआ मेयर चुनाव
इस बार मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर तीनों पदों के लिए पहली बार हाथ उठाकर मतदान कराया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुई वोटिंग में पार्षदों से उम्मीदवार के नाम पर हाथ उठाने को कहा गया और उसी आधार पर नतीजे तय किए गए। यह चुनाव कई वजहों से खास रहा मुकाबला त्रिकोणीय था। BJP, AAP और कांग्रेस तीनों मैदान में थीं तीनों पदों पर तीनों पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हाथ उठाकर वोटिंग से क्रॉस वोटिंग पर नजर बनी रही।
कौन-कौन थे उम्मीदवार?
मेयर पद के लिए बीजेपी से सौरभ जोशी, आम आदमी पार्टी से योगेश ढींगरा और कांग्रेस से गुरप्रीत गाबी। वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए बीजेपी से जसमनप्रीत, आम आदमी पार्टी से मुनव्वर और कांग्रेस से सचिन गालव, जबकि डिप्टी मेयर के लिए रामचंद्र यादव निर्दलीय खड़े हैं। डिप्टी मेयर के लिए बीजेपी से सुमन, आम आदमी पार्टी से जसविंदर और कांग्रेस से निर्मला देवी उम्मीदवार हैं।
पार्षदों के टूटने का डर, रिजॉर्ट पॉलिटिक्स
चुनाव से पहले AAP और BJP दोनों को अपने पार्षदों के टूटने का डर था। AAP ने अपने पार्षदों को पंजाब के रोपड़ भेजा BJP ने अपने पार्षदों को हरियाणा के मोरनी हिल्स के रिजॉर्ट में ठहराया हालांकि मतदान के दौरान खुली क्रॉस वोटिंग देखने को नहीं मिली। BJP को रोकने के लिए AAP और कांग्रेस एक-दूसरे को साथ आने की सलाह देती रहीं, लेकिन गठबंधन नहीं हुआ। दोनों के अलग-अलग लड़ने का सीधा फायदा BJP को मिला और सौरभ जोशी की जीत तय हो गई। इस जीत के साथ चंडीगढ़ नगर निगम में एक बार फिर BJP का दबदबा कायम हो गया है। सौरभ जोशी के मेयर बनने से शहर की राजनीति में भाजपा की स्थिति और मजबूत मानी जा रही है।





