पथ निर्माण मंत्री ने किया चांदन नदी पर 58.78 करोड़ की लागत से पुल का शिलान्यास
पथ निर्माण मंत्री ने किया चांदन नदी पर 58.78 करोड़ की लागत से पुल का शिलान्यास

पथ निर्माण मंत्री ने किया चांदन नदी पर 58.78 करोड़ की लागत से पुल का शिलान्यास

बांका, कटोरिया और पंजवारा में बनेगा बाइपास रोडः नंदकिशोर डेढ़ साल के भीतर चांदन नदी पर बन जायेगा उच्चस्तरीय आरसीसी पुल नदी के अपस्ट्रीम में डायवर्सन का भी किया कार्यारम्भ पटना, 31 अगस्त (हि.स.)। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने सोमवार को बांका जिले में चांदन नदी पर 58.78 करोड़ की लागत से बनने वाले उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का शिलान्यास किया। इसका निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा कर लिया जायेगा। यादव ने राजधानी पटना से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये निर्माणाधीन पुल के अपस्ट्रीम में अस्थायी डायवर्सन का कार्यारम्भ भी किया। डायवर्सन बनाने का काम एक माह में पूरा करने का निदेश दिया गया है। इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए मंत्री यादव ने घोषणा की है कि बांका, कटोरिया और पंजवारा में बाइपास रोड का निर्माण किया जायेगा। चांदन नदी पर पुल बांका और ढाका मोड़ के बीच स्थित है और भागलपुर-हंसडीहा और भागलपुर-अमरपुर-बांका पथ को जोड़ने का काम करता है। दुमका जाने में भी इस पुल का उपयोग किया जाता है। इसी प्रकार झारखण्ड के दर्दमारा होते हुए देवघर आने-जाने में इस पुल का उपयोग होता है। इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से बाराहाट, बौंसी, रजौन एवं धोरैया प्रखण्ड के लोगों को जिला मुख्यालय बांका आने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चांदन नदी पर बनने वाले इस पुल के निर्माण के लिए भारत सरकार ने राशि प्रदान की है, जबकि निर्माण कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम करेगा। इस अवसर पर बांका में आयोजित समारोह में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री राम नारायण मंडल, सांसद गिरिधारी यादव, विधान पार्षद मनोज यादव आदि ने इस कार्य के लिए केन्द्र और राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए राज्य के पथ निर्माण विभाग व पुल निर्माण निगम के प्रति साधुवाद प्रकट किया। पटना में आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग कार्यक्रम में पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विशेष सचिव दीवेश सेहरा, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष जीतेन्द्र श्रीवास्तव, अभियंता प्रमुख उमेश कुमार, प्रबन्ध निदेशक सुरेन्द्र यादव आदि उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/विभाकर-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in