suresh-singh-former-district-president-of-bhojpur-associated-with-the-establishment-of-the-bjp-merged-with-the-five-elements
suresh-singh-former-district-president-of-bhojpur-associated-with-the-establishment-of-the-bjp-merged-with-the-five-elements

भाजपा के स्थापना काल से जुड़े भोजपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह पंचतत्व में विलीन

आरा,15 मई(हि. स)।भारतीय जनता पार्टी के स्थापना काल से जुड़कर पार्टी को शीर्ष तक पहुंचाने वाले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह की कोरोना से हुई मौत ने भाजपा के नेताओ और कार्यकर्ताओं को झकझोर कर रख दिया है। पार्टी की स्थापना के बाद भाजपा में युवा मोर्चा के दूसरे जिलाध्यक्ष के पद की कमान संभालने से लेकर विभिन्न दायित्वो का निर्वहन करते हुए दो दो बार पार्टी का जिलाध्यक्ष रहते सुरेश सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमो को गांव गांव तक पहुंचाने में सफलता हासिल की और जिले में भाजपा की नींव को मजबूत किया। वे रांची के रिम्स में कोरोना का इलाज करा रहे थे और दो दिन पूर्व अस्पताल प्रबंधन ने स्वस्थ होने के बाद उन्हें घर जाने की इजाजत दे दी थी।वे रांची स्थित निवास स्थान पर चले भी गए थे कि कुछ घण्टे बाद उनकी मौत हो गई। शनिवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और वर्तमान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश सिंह का पार्थिव शरीर रांची से उनके गांव आरा प्रखण्ड के गंगहर गांव पहुंचा तो जिले में शोक की लहर दौड़ गई।गांव के लोग शोक में डूब गए। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रेम रंजन चतुर्वेदी ने पूर्व जिलाध्यक्ष के गांव गंगहर पहुंच कर उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह का अंतिम संस्कार बड़हरा प्रखण्ड के महुली घाट स्थित गंगा नदी के तट पर किया गया। इस बीच भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश सिंह के कोरोना से हुए निधन की खबर सुनते ही भाजपा के नेताओ और कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।सोशल मीडिया पर भी उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in