six-people-died-in-separate-accidents-in-nalanda
six-people-died-in-separate-accidents-in-nalanda

नालंदा में अलग-अलग दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत

बिहारशरीफ , 30 अप्रैल (हि.स.)। नालंदा जिले में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों ने आधा दर्जन लोगों की जान ले ली। राजगीर थाना क्षेत्र के वनगंगा के पास शुक्रवार को एक वाहन से कुचलकर एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर निवासी राजेश राजवंशी के रूप में की गयी है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है।खुदागंज थाने की पुलिस ने शुक्रवार को परसुराय गांव के खंधे से इचहोस गांव निवासी योगेश्वर रविदास की लाश बरामद की। परिजन के अनुसार वह मानसिक रूप से विक्षिप्त थे और तीन-चार दिन से घर से लापता थे। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के हवाले कर दिया गया है।हिलसा थाना क्षेत्र के शेखोपुर गांव में शुक्रवार की सुबह ताड़ी उतारने के दौरान 50 वर्षीय चलित्तर चौधरी ताड़ के पेड़ से गिर गया। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।थरथरी प्रखंड के किनुआपर गांव में शुक्रवार की सुबह कमलेश बिंद की 23 वर्षीया पत्नी अनिता कुमारी को विषैले सर्प ने डंस लिया। परिवार के लोगों को पता चला तो उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे मगर रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। महिला के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।बेन थाना क्षेत्र के कृपागंज गांव के खंधे में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की लाश मिली। चरवाहे ने शव देखकर लोगों को सूचना दी। मृतक की पहचान कोशनारा गांव निवासी 70 वर्षीय राधेश्याम प्रसाद के रूप में की गयी है। परिजन लू लगने से मौत होने की आशंका जता रहे हैं।सरमेरा अस्पताल में इलाज के लिए लाये गये एक विक्षिप्त की मौत हो गयी। मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। ग्रामीणों की माने तो वह तोड़ा गांव के पास घूमता रहता था। उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर किया गया मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए शव को सदर अस्पताल में रखा गया है। हिन्दुस्थान समाचार/प्रमोद पाण्डेय/विभाकर

Related Stories

No stories found.