राजनीति मेरा पेशा नहीं कर्म है, अंतिम सांस तक जारी रहेगा सेवा का अभियान : बोगो सिंह
बेगूसराय, 09 फरवरी (हि.स.)। मटिहानी प्रखंड स्थित रचियाही के चार सौ गरीब जरूरतमंदों के बीच मंगलवार को हरि कंस्ट्रक्शन की ओर से मटिहानी के पूर्व विधायक नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने कंबल वितरण किया। कंबल वितरण करते हुए पूर्व विधायक बोगो सिंह ने कहा कि राजनीति करना मेरा पेशा नहीं है। राजनीति मेरा कर्म है, मैं जब तक जीवित रहूंगा अनवरत यह सेवा अभियान जारी रहेगा। विधायक था तो भी सुख-दुख में हमेशा शामिल था, नहीं हूं फिर भी शामिल हो रहा हूं और हमेशा एक-एक लोगों के सुख-दुख में सामर्थ्य के अनुसार तत्पर रहूंगा। उन्होंने कहा कि मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास ने जो रफ्तार पकड़ी थी, वह आने वाले दिनों में भी अनवरत जारी रहेगा। जन समस्याओं को उठाता रहूंगा, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाता रहूंगा। समाज के अंतिम कड़ी तक रहने वाले लोगों को उनका हक दिलाना ही मेरा लक्ष्य है। उनको विकास के पथ पर लाने का उनका अधिकार दिलाने तथा उनको विकास की मुख्य धारा से जोड़ने तक चैन से नहीं बैठूंगा। जदयू नेता शिव शंकर सिंह ने कंबल वितरण के लिए हरी कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर संजीव कुमार एवं गोपाल सिंह की प्रशंसा की तथा इसी तरह आगे भी गरीबों की सेवा में लगे रहने का आह्वान किया। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा-hindusthansamachar.in