नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार के पटना से एक बहुत ही दिल को दहलाने की खबर सामने आ रही है। यहां एक प्राइवेट स्कूल की बड़ी लापरवाही के कारण एक 4 साल के बच्चे की जान चली गई है। बच्चे का शव स्कूल के एक कमरे में बने गटर में मिला है। मृतक बच्चे के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बच्चा स्कूल पढ़ने के बाद उसी स्कूल में ट्यूशन भी पढ़ा करता था
परिवार वालों का कहना है कि उन्होंने अपने बच्चे को स्कूल पढ़ने के लिए भेजा था, लेकिन वह स्कूल से वापस ही नहीं लौटा। जिस प्राइवेट स्कूल में यह दर्दनाक घटना हुई है, उसका नाम Tiny Tot Academy बताया जा रहा है। जो कि पटना के दीघा थाना क्षेत्र के अंतगर्त आता है। जानकारी के अनुसार मासूम बच्चे का नाम आयुष कुमार है। परिवार वालों की जानकारी के अनुसार उनका बच्चा 16 मई 2024 की सुबह स्कूल में पढ़ने के लिए गया था। उनका बच्चा स्कूल पढ़ने के बाद उसी स्कूल में ट्यूशन भी पढ़ा करता था। जब ट्यूशन का समय खत्म होने के बाद उनका बच्चा घर वापस नहीं लौटा तो परिवार में घबराहट से हालत ख़राब हो गयी। जिसके बाद परिवार वालों ने अपने बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
बच्चे का शव 3 बजे के करीब स्कूल के एक कमरे में बने गटर में मिला
आखिर में उन्हें अपने बच्चे का शव 3 बजे के करीब स्कूल के एक कमरे में बने गटर में मिला। जिसके बाद तो पूरे इलाके में इस घटना को लेकर हड़कंप मच गया। सभी स्कूल वालों की लापरवाही को लेकर काफी नाराज थे। बच्चे के परिजनों का तो रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस घटना को लेकर वहां के स्थानीय लोगों ने सुबह के समय सड़क जाम कर दी और उस प्राइवेट स्कूल में भी आग लगा दी। इस प्रदर्शन को बढ़ता हुआ देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस दमकल की गाड़ी के साथ वहां पहुंची और स्कूल में लगी आग पर काबू पाया।
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है
जानकारी के अनुसार अभी तक बच्चे की हत्या की वजह का पता नहीं लगा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बच्चे का शव स्कूल की ड्रेस में ही मिला है। पटना के एसपी चंद्र प्रकाश ने जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को स्कूल के अंदर जाता हुआ देखा गया है, उसे बाहर आते हुए नहीं देखा गया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





