नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजधानी पटना में शुक्रवार को बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प अब कानूनी मोड़ ले चुकी है। इस मामले में 50 वर्षीय बीजेपी पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता ने पाटलिपुत्र थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीजेपी नेता की शिकायत के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे बीजेपी कार्यकर्ता कुर्जी अस्पताल से कांग्रेस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे थे। यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा की गई कथित टिप्पणी के विरोध में आयोजित किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जैसे ही बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद लगभग 100 से 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाठी, डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। रूप नारायण मेहता का दावा है कि यह हमला पूरी तरह पूर्व नियोजित और जानलेवा था। फिलहाल, पुलिस घटना की जांच कर रही है और संबंधित लोगों की पहचान व वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
”झड़प में बीजेपी के कई कार्यकर्ता घायल”
रूप नारायण मेहता ने बताया कि झड़प के दौरान पार्टी के कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। घायलों में रविंद्र यादव, जितेंद्र सिंह, मुकेश यादव, राहुल राय और अनिल सहनी समेत अन्य कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं। मेहता के अनुसार, सभी घायलों को इलाज के लिए कुर्जी होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला पूरी तरह से पूर्व नियोजित था और इसके पीछे एक राजनीतिक साजिश है। साथ ही उन्होंने पुलिस से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नितिन नवीन ने कांग्रेस पर बोला हमला
बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पटना में हुई झड़प को लेकर बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री एवं बांकीपुर विधायक नितिन नवीन ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा, “यह लोकतंत्र है, जंगलराज नहीं, जहां देश के प्रधानमंत्री और उनकी माताजी के लिए घृणित टिप्पणी की जाए और फिर शांतिपूर्ण विरोध को कुचलने के लिए हिंसा का सहारा लिया जाए।” नितिन नवीन ने कांग्रेस की राजनीति पर हमला बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस केवल गाली-गलौज, गुंडागर्दी और पत्थरबाजी के सहारे खड़ी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “मां का अपमान न बिहार सहेगा, न देश।” मंत्री ने दावा किया कि बिहार की जनता कांग्रेस की “घटिया मानसिकता और अपराधपरक राजनीति” को कभी स्वीकार नहीं करेगी और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।





