बेगूसराय, 17 जून (हि.स.)। आगामी 21 जून को कोरोना टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान के दौरान लोगों में जागरूकता पैदा करने वाले इंफ्लूसर्स के उन्मुखीकरण के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक अनिमेष कुमार पराशर ने सिविल सर्जन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी और जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को पत्र जारी कर सूचना दी है। जिसमें कहा गया है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 27 जून से पल्स पोलियो का टीकाकरण अभियान चलाया जाना है। इस अभियान के दौरान पल्स पोलियो इंफ्लूसर्स के माध्यम से कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में भी जनमानस में जागरूकता पैदा कराने में सहयोग लिए जाने से टीकाकरण स्तर को बढ़ाने में काफी सहायता मिलेगी। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा ने बताया कि कोरोना जैसी महामारी से बचाव के लिए कोरोना टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। बावजूद इसके विभिन्न हिस्सों में आशानुरूप टीकाकरण नहीं हो पा रहा है। इसको ध्यान रखते हुए 21 जून को कोविड टीकाकारण एवं पल्स पोलियो अभियान के दौरान इंफ्लूसर्स के माध्यम से लोगों में जागरूकता पैदा करने में सहयोग लेने के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया है। सभी प्रखंडों में नामित पोलियो इंफ्लूसर्स के पल्स पोलियो अभियान एवं कोरोना टीकाकरण के संबंध में जनमानस में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर डब्ल्यूएचओ के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन सुनिश्चित कराने का निर्देश मिला है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा




