new-couple-trapped-in-lockdown-reach-police-before-in-laws
new-couple-trapped-in-lockdown-reach-police-before-in-laws

लॉकडाउन में फंसे नवदंपति, ससुराल से पहले पुलिस के पास पहुंचे

बेगूसराय, 05 मई (हि.स.)। कोरोना के कहर से बचाने के लिए बिहार में लगाए गए लॉकडाउन के कारण बुधवार को बेगूसराय में एक बहू को ससुराल से पहले थाना का चक्कर लगाना पड़ गया। मामला बेगूसराय जिले के परिहारा ओपी क्षेत्र का है। जहां की नवदंपति के साथ-साथ सभी बारातियों को भी लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में रोक लिया गया। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर सभी को मुक्त कर दिया गया है। हुआ कुछ यूं कि बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र के समसा गांव निवासी विवेक कुमार की शादी तीन मई को सहरसा जिले में नेहा कुमारी के साथ संपन्न हुई थी। शादी के अगले दिन बारात समेत नव दंपति को वापस समसा आना था। लेकिन बारिश के कारण रास्ता बाधित होने से सभी वहीं रुक गए। इस बीच पांच से 15 मई तक के लिए बिहार में लॉकडाउन लगा दिया। इस अवधि में बगैर ई-पास के निजी वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगा दी गई। लेकिन इन लोगों के पास मजबूरी थी कि सभी को वापस आना था। बुधवार को जब विवेक अपनी पत्नी नेहा के साथ वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान परिहारा में लॉकडाउन का पालन करवा रही पुलिस ने नवदंपति और सात-आठ वाहन में सवार बारातियों को रोक लिया। लोगों ने जब अपनी मजबूरी बताई तो थाना की पुलिस ने इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को दिया। इसके बाद वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर सभी को मुक्त कर दिया गया। ओपी प्रभारी सीपी महतों ने बताया कि जांच के दौरान प्रोटोकॉल का उल्लंघन पाए जाने पर सभी को रोका गया था। लड़का पक्ष का कहना है कि हम लोग तीन मई को उस समय के आदेशानुसार 50 से कम बारात लेकर शादी करने गए थे। इसके बाद लॉकडाउन हो गया, मजबूरी थी कि इतने आदमी कहां रहते, किसी तरह आने के सिवा कोई विकल्प नहीं था। हम लोगों का उद्देश्य नियम का उल्लंघन करना नहीं था, आखिर करते भी तो क्या। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in