महाराष्ट्र सरकार ने कर दी है हिंदुस्तान और मराठा सम्मान की हत्या : गिरिराज सिंह
बेगूसराय, 09 फरवरी (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने लता मंगेशकर एवं सचिन तेंदुलकर समेत अन्य सेलिब्रिटी के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार की ओर से दिए गए जांच संबंधी आदेश को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि 'देश का दुर्भाग्य देखिए रेहाना और मियां खलीफा हिंदुस्तान के खिलाफ बोले तो ठीक और देश का मस्तक ऊँचा करने वाले मणि लता दी और तेंदुलकर देश के पक्ष में जाएं तो उनके खिलाफ जांच। यह हिंदुस्तान और मराठा सम्मान की हत्या हुई है। वीर शिवा जी, शांभा जी, बाजी राव रो रहे होंगे।' गिरिराज सिंह द्वारा मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से यह मामला उठाए जाने के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने महाराष्ट्र सरकार के इस निर्णय का जबरदस्त विरोध किया है। एक यूजर ने कहा है कि महाराष्ट्र की अब हवा ही खराब और जहरीली है। पालघर साधु हत्या पर चुप्पी, सुशांत सिंह राजपूत हत्या पर चुप्पी, पूर्व नेवी अफसर पर कालिख पोती, कंगना राणावत पर दिखाई मर्दानगी, अर्नब गोस्वामी पर एफआईआर और गिरफ्तारी, देशघातियों की तरफदारी तथा राष्ट्र वादियों की इंक्वायरी, यह है ठाकरे का महाराष्ट्र। उल्लेखनीय है कि किसान आंदोलन के समर्थन में पॉप स्टार रिहाना के द्वारा ट्वीट करने के बाद बॉलीवुड एवं खेल से जुड़ी विभिन्न हस्तियों ने जब ट्विटर के माध्यम से सरकार के निर्णय का समर्थन किया तो महाराष्ट्र सरकार ने भारत रत्न लता मंगेशकर, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, अक्षय कुमार एवं अजय देवगन समेत कई अन्य हस्तियों के खिलाफ इंटेलिजेंस विभाग को जांच करने का आदेश दिया है। जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार के इस निर्णय का जबरदस्त विरोध हो रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा-hindusthansamachar.in