नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार की राजनीति में इस समय हलचल मची हुई है। इस हलचल का कारण नीतीश कुमार का वह फैंसला है जो उन्होंने राज्यसभा जाने के लिए लिया है। इस फैसले के बाद जेडीयू कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखी गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीतीश कुमार को बिहार के सीएम पद को नहीं छोड़ना चाहिए। हालांकि इसी फैसले के बीच इस बात की चर्चा भी तेज हो चली है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?
LJP (R) के कार्यकर्ताओं ने चिराग पासवान को CM बनाने की मांग की
लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान को राज्य का सीएम बनाने की मांग उठ गई है। ऐसे में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पटना की सड़कों पर चिराग को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पोस्टर लगा दिए हैं। जिसमें लिखा हुआ है कि ‘न दंगा हो न फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो’। कार्यकर्ताओं की तरफ से कहा जा रहा है कि बिहार मांगे चिराग अब वक्त आ गया है। शेखपुरा से पार्टी के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने यह पोस्टर लगाया है. इसमें ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ लिखा है।
अरुण भारती भी जता चुके हैं इच्छा
यह पहला मौका नहीं है जब चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग की जा रही है। इससे पहले भी लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस मांग को उठाया है। पार्टी सांसद अरुण भारती ने भी कहा था कि वह चिराग पासवान में बिहार का भविष्य देखते हैं। लेकिन जब उनसे चिराग के सीएम बनने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसका फैसला गठबंधन की बैठक में होगा। हालांकि कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि बिहार सरकार में नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को भी अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।




