krida-bharati-creates-a-sense-of-nationality-by-changing-society-regional-physical-chief
krida-bharati-creates-a-sense-of-nationality-by-changing-society-regional-physical-chief

समाज परिवर्तन कर राष्ट्रीयता का भाव पैदा करती है क्रीड़ा भारती : क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख

बेगूसराय, 06 मार्च (हि.स.)। वर्तमान दौर में भारत की सभ्यता और संस्कृति का उदय हो रहा है। क्रीड़ा भारती भारत के खेल क्षेत्र का उदय करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसके माध्यम से स्वदेशी देसी खेल को आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय शारिरिक प्रमुख मनोज कुमार ने शनिवार को बेगूसराय में क्रीड़ा भारती के दो दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लक्ष्य सीखें तो ध्यानचंद से और इसी लक्ष्य को आत्मसात कर क्रीड़ा भारती भारतीय परंपरागत और देसी खेल को बढ़ावा दे रही है। देसी खेल और स्वदेशी खेल का खास महत्व है। खेल और खिलाड़ी का पोषण करने वालों का सम्मान होना चाहिए। खिलाड़ी का सम्मान सब करते हैं, लेकिन उनकी माता का सम्मान सिर्फ क्रीड़ा भारती करती है। क्रीड़ा भारती जन्म देने वाली मां और भारत मां, दोनों का सम्मान करती है, यही हमारी संस्कृति है। जीजाबाई जैसी मां ने शिवाजी को जन्म दिया तो मुगलों का अंत हुआ था। क्रीड़ा भारती व्यवस्था परिवर्तन नहीं समाज परिवर्तन के लिए काम करती है, राष्ट्रीयता का भाव पैदा करती है। किसी भी परिवर्तन के लिए खून और पसीना दोनों बहाना पड़ता है। लेकिन खून सीमा पर बहनी चाहिए और पसीना समाज परिवर्तन के लिए। धरती पर दो काम सबसे बड़ा है सीखना और सिखाना, बनना और बनाना, यह दोनों काम क्रीड़ा भारती बखूबी कर रही है। भारत के परिवर्तन में महती भूमिका निभाते हुए समाज का पोषण करने वाले छोटे-छोटे खेलो और उनके खिलाड़ियों को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दे रही है। इसका एकमात्र उद्देश्य है भारत भूमि को राष्ट्रीय मंदिर बनाना। विभाग संघचालक सुशील कुमार ने कहा कि समाज को क्रीड़ा भारती के महत्व को गहराई से समझना होगा। संघ की शाखा में खेलों का नियमित अभ्यास होता है और क्रीड़ा भारती ना सिर्फ अभ्यास कराती है, बल्कि यह राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में लगी है। यह एक ऐसा मंच है जो बचपन से खेले जा रहे खेलों को जोड़कर समाज में उत्साह पैदा कर रही है। इससे पूर्व अतिथियों ने सम्मिलित रूप से ध्वजारोहण, भारत माता, बजरंगबली और मेजर ध्यानचंद के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया। उत्तर बिहार प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रशेखर अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन सत्र में प्रांतीय मंत्री अमित कुमार ठाकुर ने क्रीड़ा भारती के अब तक के कार्यों, उद्देश्य और लक्ष्य का विवरण प्रस्तुत किया। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in