giriraj-singh-expressed-gratitude-to-minister-sanjay-jha-for-anti-erosion-works
giriraj-singh-expressed-gratitude-to-minister-sanjay-jha-for-anti-erosion-works

कटाव निरोधी कार्यों के लिए गिरिराज सिंह ने जताया मंत्री संजय झा का आभार

बेगूसराय, 24 मई (हि.स.)। गंगा एवं बूढ़ी गंडक नदी के कटाव से लोगों को बचाने के लिए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की पहल पर बिहार के जल संसाधन विभाग ने एक्शन लेकर कटाव निरोधक कार्य शुरू करवा दिया है। 25 करोड़ 40 लाख की लागत से पांच जगहों पर बाढ़, कटाव निरोधात्मक कार्य शुरु कराया गया है। केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसके लिए जल संसाधन मंत्री संजय झा को धन्यवाद देते हुए कहा है कि बेगूसराय के लिए जब भी आवश्यकता हुई जल संसाधन मंत्रालय ने राशि स्वीकृत करने काम किया है। बेगूसराय जिले में बाढ़ के समय की स्थिति और उसके निरोधात्मक कार्य को लेकर उन्होंने बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा को पिछले दिनों पत्र लिखकर निरोधात्मक कार्य शुरू करने का निवेदन किया था। इसी के आलोक में 25 करोड़ 40 लाख की लागत से पांच जगहों पर निरोधात्मक कार्य शुरू कराए गए हैं। बूढ़ी गंडक नदी में नावकोठी प्रखंड में पहसारा महेशवारा के समीप दस करोड़ 11 लाख की लागत से बांधों के मजबूतीकरण का कार्य चलाया जा रहा है। बखरी के सिमराही में चार करोड़ से अधिक, मिथिला के चर्चित सिमरिया गंगा घाट एवं रूपनगर में करीब पांच करोड़़, तेघड़ा प्रखंड के भगवानपुर चक्की में दो करोड़ 67 लाख एवं बखरी के सुहागी में तीन करोड़ 13 लाख की लागत से बांधों पर निरोधात्मक कार्य चल रहा है। सांसद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार अमर ने बताया कि इसके पूर्व भी मधुरापुर, निपनियां एवं बलिया के दियारा इलाकों में जल संसाधन विभाग द्वारा करीब 104 करोड़ की लागत से गंगा नदी में कटाव एवं निरोधात्मक कार्य किए गए थे। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in