बेगूसराय, 17 मई (हि.स.)। लॉकडाउन के कारण उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर गरीब, निराश्रित, निःशक्त एवं अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों के साथ-साथ डीसीएचसी एवं सीसीसी में भर्ती मरीजों की देख-रेख में लगे परिजनों के लिए संचालित सामुदायिक रसोईयों के संबंध में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डीएम अरविंद कुमार वर्मा से विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम क्षेत्र के सामुदायिक भवन परिसर बाघा में संचालित सामुदायिक रसोई का वर्चुअल टूर के जरिये व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण केेे दौरान मुख्यमंत्री ने भोजन सामग्री तथा भोजन की गुणवत्ता, रसोई घर एवं भोजन स्थल आदि का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इस रसोई के माध्यम से नियमित भोजन प्राप्त करने वाले सुनील महतों, वशिष्ठ महतों के साथ-साथ भोजन ग्रहण कर रहे शत्रुघ्न महतों एवं रामनरेश महतों से बातचीत कर प्राप्त होने वाले भोजन के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। भोजन ग्रहण करने वाले लोगों द्वारा दिए गए सकारात्मक प्रतिक्रिया पर मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित सामुदायिक रसोईयों के संचालन प्रक्रिया की सराहना की। पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के तहत मुख्यमंत्री द्वारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बखरी में संचालित सामुदायिक रसोई का भी वर्चुअल टूर कराया जाना था। लेकिन इंटरनेट कनेक्टिविटी में डिस्टर्बेंस के कारण अपेक्षित वर्चुअल टूर का आयोजन नहीं हो पाया। इसके बाद बखरी में संचालित सामुदायिक रसोई से जुड़े कार्यक्रम का आयोजन उप विकास आयुक्त सुशांत कुमार के नेतृत्व में किया गया। जबकि, सामुदायिक भवन बाघा में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त मो. अब्दुल हामिद, सदर एसडीओ संजीव कुमार चौधरी, सदर डीएसपी राजन सिन्हा, सीओ उत्पल हिमवान, आपदा शाखा के प्रभारी पदाधिकारी अनीश कुमार एवं डीपीआरओ भुवन कुमार समेत अन्य उपस्थित थे। वर्चुअल टूर से पहले डीएम ने मुख्यमंत्री को जिले में लॉकडाउन के दौरान जिला एवं अनुमंडलों में गरीब, निराश्रित, निःशक्त एवं अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए भोजन की संभावित समस्या के मद्देनजर तथा डीसीएचसी एवं सीसीसी में भर्ती मरीजों की देख-रेख में लगे परिजनों एवं अटेंडेंट के लिए संचालित सामुदायिक रसोईयों के संचालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डीएम ने बताया नगर निगम क्षेत्र के निजी बस पड़ाव बेगूसराय, सामुदायिक भवन परिसर बाघा, स्वर्ण जयंती पुस्तकालय बेगूसराय, ओमर उच्च विद्यालय तेघड़ा, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बखरी, मध्य विद्यालय छोटी बलिया तथा परिषद मध्य विद्यालय मंझौल में सामुदायिक किचन चलाकर दोनों समय लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र




