नई दिल्ली/पटना, रफ्तार डेस्क। BJP Protest: बिहार की राजधानी पटना इस सियासी संग्राम का अखाड़ा बन गई है। आज भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान पटना पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में दर्जनों विधायक और सांसद घायल हो गए। इसमें एक भाजपा नेता की मौत भी हो गई है। प्राप्त जानाकारी के अनुसार पुलिस के लाठीचार्ज से जहानाबाद के बीजेपी महामंत्री विजय सिंह (Vijay Singh) गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उनको पटना के पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इस सूचना के बाद विजय सिंह के गांव में मातम छा गया और बीजेपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश आ गया। इस घटना के बाद बीजेपी के निशाने पर नीतीश सरकार है।
नीतीश सरकार की विदाई का वक्त नज़दीक – उपेंद्र कुशवाहा
बीजेपी कार्यकर्ताओं के उपर लाठीचार्ज पर RLJD के अध्यक्ष उपेंद्र कुशावाहा ने नीतीश सरकार को घेरा, और कहा जब सरकार किसी आंदोलनकारी और प्रदर्शनकारियों पर लाठी बरसाना शुरू कर दे तो समझिए उनकी विदाई का टाइम आ गया है।आज की बिहार की सरकार के पास कोई काम नहीं बचा। लोगों की समस्या का समाधान कर नहीं सकती है, क्योंकि सरकार के पास कोई विजन ही नहीं है।
अब बीजेपी करेगी राजभवन मार्च
पटना में विधानसभा मार्च के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में 14 जुलाई को भाजपा ने राजभवन मार्च का ऐलान किया है।
अपनी नैतिकता भूल गए बिहार के मुख्यमंत्री
पटना में विधानसभा मार्च के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस के लाठीचार्ज पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर नीतीश सरकार को घेरा। उन्होने कहा कि पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुआ लाठीचार्ज राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा है। महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के क़िले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है। जिस व्यक्ति पर चार्जशीट हुई है, उसको बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गये हैं।
भाजपा विजय सिंह के परिजनों को देगी लाख रुपए
पटना में विधानसभा मार्च के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता की कथित मौत के बाद बीजेपी सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन पीएमसीएच पहुंच गए हैं। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने विजय सिंह के परिजनों को भाजपा की तरफ से दस लाख रुपए की तत्काल सहायता देने की घोषणा की है।
बर्बर नीतीश-तेजस्वी सरकार- नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के पूर्व बिहार अध्यक्ष नित्यानंद राय ने जहानाबाद जिला महासचिव विजय सिंह की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की मौत की जिम्मेदार बर्बर नीतीश-तेजस्वी सरकार है। नित्यानंद राय ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा है कि युवाओं, महिलाओं, किसानों के अधिकारों के लिए बिहार की बर्बर नीतीश-तेजस्वी सरकार के खिलाफ संघर्ष करते हुए भाजपा के जहानाबाद महामंत्री विजय सिंह ने अपनी आहुति दे दी। इस बर्बरता पूर्वक काम के बाद नीतीश कुमार को सरकार से तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए।




