पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी भाजपा-जदयू गठबंधन सरकार:तारकिशोर प्रसाद
-खरमास बाद हो सकता मंत्रिमंडल विस्तार पटना, 09 जनवरी (हि।स।)। बिहार में भाजपा-जदयू सरकार में गत दिनों हुए घटनाक्रम के बाद लगता है सबकुछ ठीक हो गया है। हालांकि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर शुक्रवार को भी कहा कि कैबिनेट के विस्तार को लेकर भाजपा नेताओं से कोई बात नहीं हुई है। मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने शनिवार को हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कहा कि बिहार में भाजपा-जदयू की गठबंधन अटूट है, सरकार पूरे पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों (भाजपा-जदयू) में किसी भी तरह का मन-मौटाव नहीं है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर दोनों दलों में कोई मन-मौटाव नहीं है। सूत्रों के मुताबिक खरमास बाद यानी 14 जनवरी के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। दिसम्बर की 15 तारीख से लेकर जनवरी की 14 तारीख तक खरमास का महीना होता है। मान्यता है कि खरमास के महीने में कोई भी शुभ काम नहीं किया जाता है। उल्लेखनीय है कि अरूणाचल प्रदेश में छह विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा और जदयू के रिश्ते में जो बर्फ जमी थी वह भी भाजपा और जदयू के नेताओं के मुलाकत बाद पिघली है। गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर नीतीश कुमार से भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल और दोनों उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद तथा रेणु देवी ने मुलाकात की। मुलाकात के दौरान हालांकि क्या बात हुई इसपर भाजपा नेताओं ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली। लेकिन दोनों दलों में जो दूरियां बढ़ी है उसे बहुत हद तक दूर कर लिया गया है।चाय की चुस्की के बीच मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई है। गुरुवार को ही भूपेंद्र यादव ने जदयू के अध्यक्ष आरसीपी. सिंह से भी मुलाकात की थी और उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी। हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द-hindusthansamachar.in