बेगूसराय, 08 मार्च (हि.स.)। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता अभियान रथ जिले भर में लोगों को जागरूक करेगा। इस अभियान का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को डीएम अरविन्द कुमार वर्मा ने किया। डीएम अरविन्द कुमार वर्मा एवं एसपी अवकाश कुमार ने संयुक्त रूप से इस बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता अभियान रथ को सदर अनुमंडल कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, महिला विकास निगम बिहार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में निकला यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करेगा। बोर्ड एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लोगों को सभी बच्चियों को स्कूल भेजने, भ्रूण हत्या पर रोक लगाने आदि के लिए जागरूक करेगा। मौके पर समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी उपस्थित थे। इस बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का लक्ष्य रखा गया है कि ‘हम सब प्रत्येक बेटी के स्वाभिमान और उत्थान के अपने संकल्प को दोहराते हैं।’ हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र





