अररिया एजेंसी । जिला प्रशासन की अगुवाई में रेणु महोत्सव शनिवार को विश्व प्रसिद्ध साहित्यकार फणीश्वरनाथ रेणु की जयंती के मौके पर मनाया जायेगा।
मुख्य कार्यक्रम का आयोजन अररिया हाई स्कूल के प्रांगण में किया जायेगा। डीएम इनायत खान द्वारा रेणु महोत्सव कार्यक्रम एवं अन्य तैयारियों को लेकर संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। रेणु के समाधि स्थल औराही हिंगना में पुष्प अर्पित किये जाने एवं सिमराहा चौक एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय औराही हिंगना में स्थित रेणु की प्रतिमा पर माल्यार्पण किये जाने का कार्यक्रम एसडीओ फारबिसगंज की अगुवाई में किया जाएगा।
सदर थाना के निकट रेणु कुंज स्थित प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पण किया जाएगा।जहां साफ-सफाई, रंग-रोगन कराने की जिम्मेदारी नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी एवं भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को दी गई है। वहीं रेणु जी पर आधारित निबंध पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता सभी विद्यालयों में कल से प्रारंभ कर अंतिम रूप से चयनित प्रतिभागियों को बिहार दिवस के मौके पर पुरस्कृत किया जायेगा। इस कार्य हेतु डीईओ को जिम्मेदारी दी गई।
रेणु महोत्सव पर मुख्य कार्यक्रम हाई स्कूल परिसर में दीप प्रज्वलन के साथ शुरू होगी।लोक गायक अमर आनंद एवं टीम द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुती के साथ साहित्यिक परिचर्चा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।





