नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। विधानसभा परिसर में शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को बीजेपी नेता और नीतीश सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान ने मीडिया से बात करते हुए जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को बधाई दी। लखेंद्र पासवान ने कहा, मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। अभी तो उनके लिए लड्डू-मिठाई खाने का समय है। जो लोग मिठाई खाना चाहते हैं, वे तेज प्रताप जी के यहां जाकर ले सकते हैं। स्पष्टीकरण चाहिए तो तेज प्रताप जी ही देंगे।
लखेंद्र पासवान की यह टिप्पणी पहला मौका नहीं
हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब लखेंद्र पासवान तेज प्रताप यादव पर अपनी टिप्पणी कर रहे हैं। चुनाव के बाद पासवान को वही सरकारी आवास आवंटित हुआ था जिसमें तेज प्रताप रहते थे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि कुर्सी, फर्नीचर, एसी और बल्ब सहित कई सरकारी सामान गायब हैं। तेज प्रताप यादव ने इन आरोपों का खारिज करते हुए पलटवार किया था।
तेज प्रताप यादव को सोशल मीडिया पर मिली बधाई
तेज प्रताप यादव को पहले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी बधाई दी थी और सोशल मीडिया पर लिखा था कि घर में लक्ष्मी आगमन के लिए तेज प्रताप यादव और अनुष्का को बधाई। आप तीनों पर ईश्वर की कृपा बनी रहे। हालांकि बाद में मांझी ने यह पोस्ट हटा दी।
अनुष्का यादव की बेटी का नाम उज्जैनी रखा गया है
इस बीच अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने मीडिया को बताया कि वे मामा बने हैं और उनके घर में भांजी आई है, जिसका नाम उज्जैनी रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्ची के पिता का नाम उन्होंने सार्वजनिक नहीं किया है।
परिवार में खुशियों का माहौल
इस तरह, परिवार में खुशियों का माहौल है और राजनीतिक हलकों में भी इस नए जन्म की चर्चा रही, लेकिन तेज प्रताप ने निजी मामलों को सार्वजनिक बहस से अलग रखा है।





