नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक Anant Singh अब जेल के बाहर आ सकेंगे। उन्हें पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान उनपर जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या करने के आरोप लगे थे जिसके चलते उन्हें जेल जाना पड़ा था। अब वह कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार या शनिवार तक जेल से बाहर आ सकेंगे। बता दें कि राज्यसभा चुनाव में वोट देने आए अनंत सिंह ने कभी विधानसभा चुनाव न लड़ने की बात कही थी।
हाल ही में राज्यसभा चुनाव में वोट देने पहुंचे थे Anant Singh
हाल ही में संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव के लिए अनंत सिंह वोट देने पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने पूरी मजबूती से जेडीयू का साथ देने की बात कही थी। न सिर्फ इतना बल्कि उन्होंने यहां तक ऐलान कर दिया था अब चूंकि नीतीश कुमार बिहार से दिल्ली जा रहे हैं तो वह भी अब कभी विधानसभा चुनाव नही लडेंगे। उन्होंने कहा कि अब उनके बाल बच्चे उनकी राजनीतिक विरासत संभालेंगे। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि वे जेल से बाहर कब तक आ पाएंगे, जेडीयू के कार्यकर्ता निराश हैं। तो उन्होंने जवाब दिया कि ”कोई निराश नहीं है, हम आ रहे हैं एक दो महीने के अंदर।”
क्या है दुलारचंद हत्याकांड मामला?
यह पूरा हत्याकांड उस समय हुआ जब बीते साल नवंबर महीने में बिहार में विधानसभा चुनाव चल रहे थे। दरअसल, मोकामा के टाल क्षेत्र में दुलारचंद यादव प्रचार के लिए पहुंचे थे। वह प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज के कार्यकर्ता थे और वहां से उम्मीदवार के लिए चुनावी प्रचार कर रहे थे जिस दौरान उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड का आरोप अनंत सिंह पर लगा जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उन्हें बेउर जेल भेज दिया गया।




